1 लाइन, 7 इंटरचेंज और 89 KM का सफर… दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा रूट, इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर पर काम शुरू | Delhi Metro Starts Inderlok-Indraprastha Corridor Work Magenta Line to Become Longest Route at 89 KM


दिल्लीवालों के लिए गुड न्यूज है. दिल्ली मेट्रो फेज-4  नए इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का काम शुरू हो गया है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन साइट पर इस प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इस मौके पर सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर डायफ्राम वॉल निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जो इस प्रोजेक्ट का पहला निर्माण चरण है. यह मेट्रो कॉरिडोर दिल्ली के ट्रांसपोर्ट के लिए बेहद खास होने वाला है. इस कॉरिडोर के बनने के बाद मेंजंटा लाइन सबसे बड़ा मेट्रो कॉरिडोर बन जाएगा. सबसे खास बात यह है कि इस रूट से सात अलग-अलग मेट्रो लाइन के लिए इंटरचेंज मिलेगा. यानी इस कॉरिडोर के जरिए पूरी दिल्ली में पहुंचा जा सकेगा.

मेजेंटा बन जाएगी दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन

12.377 किलोमीटर लंबा इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन (लाइन-8) का पूरी तरह भूमिगत विस्तार होगा. इस कॉरिडोर पर कुल 10 आधुनिक भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे.  प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 89 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे यह दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी. इसके साथ ही इस लाइन पर सबसे ज्यादा इंटरचेंज और भूमिगत स्टेशन होंगे, जिससे राजधानी के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा पहले से अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक हो जाएगी.

CM रेखा गुप्ता ने मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

CM रेखा गुप्ता ने मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
Photo Credit: DMRC

कहां-कहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन?

  • इंद्रलोक 
  • दया बस्ती
  • सराय रोहिल्ला
  • अजमल खां पार्क
  • झंडेवालान मंदिर
  • नबी करीम
  • नई दिल्ली
  • दिल्ली गेट
  • दिल्ली सचिवालय
  • आईजी स्टेडियम
  • इंद्रप्रस्थ

सात मेट्रो लाइनों से मिलेगा सीधा इंटरचेंज

यह कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सात प्रमुख लाइनों से जुड़कर राजधानी की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई प्रदान करेगा. 

  • इंद्रलोक स्टेशन पर रेड लाइन और ग्रीन लाइन 
  • नबी करीम पर मैजेंटा लाइन
  • नई दिल्ली स्टेशन पर येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस (ऑरेंज लाइन) 
  • दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन 
  • इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन

दिल्ली के कई प्रमुख जगहों तक पहुंच होगी आसान

यह नया मेट्रो कॉरिडोर सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, झंडेवालान मंदिर, अरुण जेटली स्टेडियम, इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, दिल्ली गेट, कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, नेशनल वॉर मेमोरियल और सेंट्रल विस्टा जैसे कई महत्वपूर्ण स्थानों को बेहतर और निर्बाध मेट्रो कनेक्टिविटी से जोड़ेगा. इससे सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, पर्यटकों और रोजाना यात्रा करने वाले लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. साथ ही करोल बाग, देशबंधु गुप्ता रोड, शैक्षणिक संस्थानों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा भी पहले से अधिक मजबूत और सुविधाजनक हो जाएगी.

Latest and Breaking News on NDTV

सराय रोहिल्ला स्टेशन बनेगा महत्वपूर्ण ट्रांजिट हब

सराय रोहिल्ला स्टेशन इस कॉरिडोर के सबसे महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक होगा. यह स्टेशन मध्य दिल्ली के घनी आबादी वाले क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, करोल बाग बाजार, लिबर्टी सिनेमा, देशबंधु गुप्ता रोड और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों को आधुनिक मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा. इससे क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनेगी.

बता दें कि केंद्र सरकार ने मार्च 2024 में इस दिल्ली मेट्रो फेज-4 को हरी झंडी दी थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मेट्रो परियोजना की आधारशिला रखी थी. इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर दिसंबर 2030 तक पूरा होगा.

यह भी पढ़ें: लखनऊ मेट्रो की ब्लू लाइन का ऐलान, ठाकुरगंज, अमीनाबाद से वसंत कुंज 12 स्टेशन, राजीव चौक जैसा चमकेगा चारबाग





Source link

Prev Post
Next Post