दिल्ली-UP से बिहार-बंगाल तक… 6 राज्यों को जोड़ेगा यह 'महा-एक्सप्रेसवे', गंगा एक्सप्रेसवे से भी लंबा बनेगा
Raisina News Desk- जुलाई 20, 2026 10:02 PM IST

उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन गया है. यहां गंगा एक्सप्रेसवे से लेकर यमुना और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां फर्राटा भर रही हैं. लेकिन अब यूपी में गंगा एक्सप्रेसवे से भी बड़ा एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है. यह एक्सप्रेसवे यूपी के कई जिलों को तो रफ्तार देगा ही, साथ ही इससे उत्तराखंड, पंजाब से लेकर बंगाल तक का सफर आसान हो जाएगा. हम बात कर रहे हैं ‘शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे’ की. यह करीब 740 किलोमीटर लंबा सुपरफास्ट कॉरिडोर पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल को एक धागे में पिरो देगा. इस एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे समेत देश के चार अन्य एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा.
इस प्रस्तावित एक्सप्रेसवे पर जल्द ही तेजी से काम शुरू हो सकता है. इस प्रोजेक्ट के शुरुआती सर्वे पूरे हो चुके हैं और जमीन अधिग्रहण के लिए रेट तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. रेट फाइनल होते ही किसानों को मुआवजे का वितरण और जमीन अधिग्रहण का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा. यह एक्सप्रेसवे बनने के बाद शामली और गोरखपुर के बीच यात्रा का समय 12 घंटे से घटकर सिर्फ़ 7.5 घंटे रह जाएगा.
1. अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे
शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे से अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे भी कनेक्ट होगा. यह लिंक शामली के पास होगा. इसके बाद पंजाब और हरियाणा का ट्रैफिक सीधे शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा. यानी पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों को यूपी और बिहार जाने के लिए दिल्ली-एनसीआर में एंट्री करने की जरूरत है.
2. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे
इसके साथ ही शामली के पास ही इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी कनेक्ट होगा. यानी देहरादून से आने वाले लोगों को भी इसका फायदा होगा.
3. गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे
इस एक्सप्रेसवे से गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे भी जोड़ा जाएगा. यह लिंक गोरखपुर के पास ही होगा. इसके बाद दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, यूपी से बिहार और पश्चिम बंगाल तक एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर बन जाएगा.
4. गंगा एक्सप्रेसवे
शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे से शाहजहांपुर के पास गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की योजना है. हालांकि यह डायरेक्ट लिंक नहीं किया जाएगा. इसके लिए एक लिंक रोड बनाया जाएगा.
भले ही शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में बनने जा रहा है, लेकिन इसके बनने के बाद देश के 6 राज्यों की कनेक्टिविटी आसान हो जाएगा.