जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट में भड़की हिंसा का नया VIDEO, ACP को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
Raisina News Desk- जुलाई 23, 2026 12:26 PM IST

नई दिल्ली:
जंतर-मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच भड़की हिंसा में कई लोग घायल हो गए. घायलों में पुलिस के अधिकारी भी शामिल हैं और प्रदर्शनकारी भी. बुधवार रात जंतर-मंतर के पास एक बार फिर से हिंसा भड़की. जिसमें प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी ACP को खदेड़ कर पीटते नजर आ रहे हैं. प्रदर्शन के बीच भड़की इस हिंसा के शिकार हुए ACP की पहचान विवेक भगत के रूप में हुई है. वीडियो में कई प्रदर्शनकारी विवेक भगत पर बुरी तरह से हमला करते नजर आ रहे हैं.
हमले में घायल हुए ACP विवेक भगत को इलाज के लिए RML हॉस्पिटल लाया गया. हॉस्पिटल प्रशासन ने बताया कि रात में विवेक भगत को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया था. जांच में उनके हाथ-पैर और कंधे पर कई चोटों के निशान पाए गए. एसीपी के सिर के पीछे (पैरिएटो-ऑक्सिपिटल हिस्से) में सूजन भी मिली है.
एसीपी ने कान से खून आने और उल्टी होने की भी शिकायत बताई. सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने उनकी जांच की और जरूरी इलाज दिया.इसके बाद एसीपी विवेक भगत ने AIIMS, नई दिल्ली में आगे इलाज कराने की इच्छा जताई. आवश्यक मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें उनके अनुरोध पर RML अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, ताकि वे AIIMS में आगे इलाज करा सकें.
जनपथ स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में उपद्रवियों को भारी पथराव करते और पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर भागते देखा जा सकता है. इस हिंसा में होटल पार्क के सामने सीपी के एसीपी विवेक भगत को बुरी तरह पीटा गया, जिन्हें लहूलुहान अवस्था में वहां से निकाला गया.
भीड़ के हमले का शिकार हुए दूसरे अधिकारी की पहचान स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर वूमेन एंड चिल्ड्रन में तैनात इंस्पेक्टर नंदकिशोर के रूप में हुई है. जंतर-मंतर पर ड्यूटी के दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर उनके साथ बर्बरता से मारपीट की.
🔴#BREAKING| दिल्ली के जंतर-मंतर पर फिर बवाल, देर रात पुलिस, प्रदर्शनकारी भिड़े; 2 ACP समेत 5 पुलिसकर्मी घायल#CJPProtest | @tabishh_husain | @ranjanasingh95 | @DivyankarTiwari pic.twitter.com/Nqr0g0iEfT
— NDTV India (@ndtvindia) July 23, 2026
बताया गया कि विवेक भगत होटल पार्क के पास ड्यूटी पर थे. तभी अचानक कुछ लोग उन पर टूट पड़े. दूसरा वीडियो इंस्पेक्टर नंद किशोर का है. ये भी जंतर-मंतर में ड्यूटी पर थे. उसी दौरान उग्र भीड़ ने इन पर हमला किया.
पुलिस के मुताबिक छात्रों के आंदोलन में कई असामाजिक तत्व भी आ गए हैं, जो लगातार छात्रों की आड़ में हिंसा पर उतारू हैं. 20 जुलाई को भी कई ऐसे लड़के थे, जिन्होंने हिंसा की.
यह भी पढ़ें – LIVE : जंतर-मंतर पर एक बार फिर आमने-सामने आए पुलिस और प्रदर्शनकारी