न्यूक्लियर फैमिली से बढ़ रहा डिप्रेशन, सोनम की जमानत रद्द करते हुए सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी

नई दिल्ली:

Sonam Raghuvanshi Bail: सुप्रीम कोर्ट ने मेघालय के बहुचर्चित हनीमून मर्डर केस की आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द कर दी है. गुरुवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द करते हुए उसे तीन हफ्ते में सरेंडर करने को कहा. इस सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने न्यूक्लियर फैमिली, जीवन में गैजेट के बढ़ते दखल सहित युवाओं में डिप्रेशन को लेकर भी कई अहम टिप्पणियां की है. सोनम की जमानत रद्द करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बदलते समाज में ये चीजें होना लाजमी है. आज की पीढ़ी हमसे ज्यादा जानकार हो सकती है लेकिन प्रेशर से निपटने के मामले में वे ज्यादा कमजोर हैं.

सुनवाई के दौरान SG मेहता ने कहा कि उनके पास जानकारी ज्यादा है, ज्ञान नहीं. जिस पर जस्टिस वराले ने कहा कि-  WhatsApp पर जो कुछ भी शेयर किया जा रहा है, उसे ज्ञान माना जा रहा है.

आज की पीढ़ी बेचैन, न्यूक्लियर फैमिली में छोटी-छोटी बातों पर रोते हैं लोगः SC

कोर्ट ने कहा कि आज की पीढ़ी बेचैन है. वे समस्याओं का जल्दी समाधान चाहते हैं. अगर आप ज्वाइंट फैमिली के सदस्य हैं तो आप निराशा, एडजस्टमेंट करना सीखेंगे. न्यूक्लियर फैमिली में आप छोटी-छोटी बातों पर रोते हैं. अगर आपको बात समझ नहीं आती तो आप चिढ़ जाते हैं.

इमोशन के बदले बच्चे को गैजेट दे रहे हमः सुप्रीम कोर्ट

कोर्ट ने आगे कहा कि बच्चे अंकल, आंटी, दादा-दादी से सीखेंगे. हाल ही में मैंने देखा कि एक बच्चा होटल में रो रहा था, माता-पिता ने तुरंत उसे मोबाइल फोन दिया और बच्चा रोना बंद कर दिया. यह बड़ी समस्या है. इमोशन के बजाय वे उसे गैजेट दे रहे हैं. एसजी मेहता ने कहा कि एक रिपोर्ट है जिसमें कहा गया है कि न्यूक्लियर फैमिली सिस्टम की वजह से डिप्रेशन बढ़ रहा है.

तीन हफ्ते में सोनम को करना होगा सरेंडर

मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को राजा रघुवंशी मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द करते हुए उसे तीन हफ्ते में सरेंडर करने का आदेश दिया है. सोनम को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी. जिसके खिलाफ मेघालय सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई.

मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा हुए थे लापता, मिली थी लाश

मालूम हो कि मध्यप्रदेश के इंदौर की रहनेवाली सोनम रघुवंशी को उसके कारोबारी पति राजा रघुवंशी की हत्या के सिलसिले में पिछले वर्ष जून में गिरफ्तार किया गया था. दंपति 23 मई, 2025 को मेघालय के सोहरा क्षेत्र में घूमने के दौरान लापता हो गया था. बाद में दो जून, 2025 को राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ था.

यह भी पढ़ें – सोनम रघुवंशी को बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द की, 3 हफ्ते में सरेंडर का आदेश



Prev Post
Next Post