खंभे में उल्टा बांधकर पीटा; बलरामपुर में गुहार लगाता रहा दलित, हुई मौत, SC/ST एक्ट में केस दर्ज
Raisina News Desk- अगस्त 13, 2026 07:48 AM IST

बलरामपुर:
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक दलित युवक की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के ठकुरापुर गांव में 38 वर्षीय राम सनेही शिल्पकार की कथित पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वायरल वीडियो में एक युवक राम सनेही को खंभे से बांधकर लाठी से पीटता दिखाई दे रहा है, जबकि पीड़ित रहम की गुहार लगाता सुनाई देता है. परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी. वहीं आरोपी पक्ष का दावा है कि राम सनेही चोरी की नीयत से वहां पहुंचा था. पुलिस ने मामले में हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह मामला बलरामपुर के गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के ठकुरापुर गांव का है. मृतक की पहचान विशुनपुर कलां निवासी 38 वर्षीय राम सनेही शिल्पकार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, राम सनेही मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था. उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और वह अपने भाइयों के साथ रहता था. बुधवार को एक 33 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में राम सनेही को खंभे से बांधकर पीटते हुए देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि इसी वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ लिया.
Balrampur Dalit Man Death Viral Video: वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट
मृतक के भाई फूल कुमार ने बताया कि किसी व्यक्ति ने यह वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था. जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने वीडियो डाउनलोड किया और इसे सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिया. फूल कुमार का आरोप है कि ठकुरापुर निवासी गुड्डू, उसके पिता अकबर अली, मग्घे नाऊ और उनके साथियों ने राम सनेही की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Balrampur Dalit Man Death Viral Video: पिटाई का वीडियो वायरल
मामले में आरोपी पक्ष का कहना है कि राम सनेही चोरी करने के इरादे से वहां पहुंचा था. इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और लोगों ने उसकी पिटाई कर दी. हालांकि यह दावा जांच का विषय है और पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है.
वायरल वीडियो और परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले में हत्या और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं. सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है.
गैसड़ी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडेय ने बताया कि “युवक की हत्या के मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में युवक के चोरी की नीयत से वहां जाने की बात सामने आई है. लोगों ने उसे पकड़ने के बाद पीटा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”