IIT खड़गपुर में कॉम्प्लेक्स की छत से गिरकर छात्र की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस 

IIT खड़गपुर में  मैकेनिकल इंजीनियरिंग छात्र की मौत हो गई.

पश्चिम बंगाल के प्रतिष्ठित IIT खड़गपुर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के दूसरे वर्ष के छात्र अंकित शर्मा की छत से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया और छात्र-छात्राओं के बीच चिंता का माहौल बन गया.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान निवासी अंकित शर्मा दोपहर के समय नालंदा कॉम्प्लेक्स के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि वह नालंदा कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गए थे. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

हादसा या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही हिजली आउटपोस्ट की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्र का गिरना एक हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों की सही जानकारी मिल सके.

पुलिस ने कही जांच पूरी होने तक इंतजार की बात

खड़गपुर डिवीजन की एएसपी बुशरा बानो ने बताया कि IIT खड़गपुर के एक छात्र की मौत हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

डायरेक्टर बोले, अभी कोई ठोस सुराग नहीं

IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की प्रारंभिक जांच के अनुसार छात्र क्लासरूम कॉम्प्लेक्स के पास गिरा हुआ मिला था. अभी तक ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है जिससे घटना की वजह स्पष्ट हो सके. उन्होंने कहा कि पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.





पूरी स्टोरी पढ़ें





Prev Post
Next Post