वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन पर गुड न्‍यूज, 24 कोच वाले 50 ट्रेनसेट तैयार होंगे, अमृत भारत एक्‍सप्रेस पर भी आया अपडेट

Vande Bharat and Amrit Bharat Express update: वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन (Vande Bharat Sleeper Train) को लेकर अच्‍छी खबर सामने आई है. जैसा कि रेल मंत्री पहले भी बता चुके हैं कि आने वाले समय में वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेनों की संख्‍या बढ़ाई जाएगी तो इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई है. चेन्नई के रेलवे कोच फैक्‍ट्री में वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन के कोच तैयार होने वाले हैं. करीब 50 ट्रेन सेट तैयार किए जाने हैं. 24 कोच वाली वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन के सेट तैयार होने हैं. 

फिलहाल देश में एक वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन चल रही है. ये ट्रेन हावड़ा से कामाख्‍या के बीच चलती है, जिसमें थर्ड एसी के 11 कोच, सेकंड एसी के 4 कोच और फर्स्‍ट एसी के एक कोच शामिल हैं. आने वाले समय में इनकी संख्‍या बढ़ाई जाएगी. रेलवे देश के अन्‍य रूट्स पर वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन चलाए, इसके लिए ट्रेनसेट का तैयार होना बहुत जरूरी है और अब इसी दिशा में काम आगे बढ़ गया है. 

वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन के प्रोडक्‍शन का काम कहां तक पहुंचा? 

चेन्नई के ICF यानी इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में 24 कोच वाली वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेनों का प्रोडक्‍शन शुरू होगा. ICF के GM यानी जनरल मैनेजर मनीष अग्रवाल ने चेन्नई के एम अरुण स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इसकी जानकारी दी है. ICF को ऐसे 50 ट्रेनसेट तैयार करने हैं. 

ICF के GM के मुताबिक, 24 कोच वाली स्वदेशी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के सेट के लिए जरूरी प्रोडक्‍शन ड्रॉइंग तैयार हो चुकी हैं. इनमें कोच का स्‍ट्रक्‍चर, दो कोचों को एक-दूसरे से जोड़ने की व्‍यवस्‍था से लेकर अंडरफ्रेम में लगाए जाने वाले उपकरणों से जुड़े डिजाइन शामिल हैं. यानी अब कोच के निर्माण का फ्रेमवर्क तैयार है और जल्‍द ही ट्रेन सेट का उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है.

24 कोच वाली वंदे भारत स्‍लीपर में ज्‍यादा यात्रियों को फायदा 

फिलहाल 16 कोच वाली वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन चलाई जा रही है, लेकिन आने वाले समय में 24 कोच वाली वंदे भारत स्‍लीपर में ज्‍यादा यात्रियों को फायदा मिलेगा. 16 कोच वाली ट्रेन की तुलना में 24 कोच वाली ट्रेन में डेढ़ गुना ज्‍यादा यात्री सफर कर सकेंग. हालांकि 24 कोच वाली ट्रेन में थर्ड एसी, सेकंड एसी, फर्स्‍ट एसी और स्‍लीपर के कितने-कितने कोच शामिल होंगे, इसको लेकर अपडेट सामने नहीं आया है. 

मौजूदा वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन की तुलना में नए ट्रेनसेट को ज्‍यादा सुविधाजनक बनाया जाएगा. स्लीपर कोच होने के चलते लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कम समय में गंतव्‍य तक पहुंचना आसान भी होगा और आरामदायक भी. रेलवे का लक्ष्य वंदे भारत स्‍लीपर को लेकर ये है कि रेल यात्रा को आधुनिक, तेज और आरामदायक ट्रेनों के जरिए बेहतर बनाया जाए. 

अमृत भारत एक्‍सप्रेस के वैरिएंट 3.0 पर आया अपडेट 

देश में किफायती यात्रा कराने वाली अमृत भारत एक्‍सप्रेस ट्रेन को लेकर भी गुड न्‍यूज है. ICF के जनरल मैनेजर मनीष अग्रवाल ने अमृत भारत ट्रेन के वेरिएंट 3.0 को लेकर बताया है कि नेक्‍स्‍ट जेनरेशन की अमृत भारत ट्रेनों में एसी, सामान्य और स्लीपर कैटगरी के कोच होंगे, जिससे रेलयात्रियों को किफायती और आरामदायक सफर का एक नया विकल्‍प मिलेगा. मौजूदा समय में अमृत भारत ट्रेनों में केवल सामान्य और स्लीपर कोच ही होते हैं. 

बता दें कि ICF चेन्नई, रेलवे के लिए महत्‍वपूर्ण साबित  हुआ है, जहां ट्रेनों के कोच कम समय में और किफायती लागत में तैयार किए जाते हैं. इंटीग्रेटेड कोच फैक्‍ट्री ने वंदे भारत तकनीक पर ही आधारित गुड्स ट्रेन के लिए भी काम किया है और फ्रेट इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट यानी फ्रेट ईएमयू ट्रेनसेट विकसित किए हैं. इसके अलावा मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाओं के लिए देश का पहला 15 कोच वाला ईएमयू रेक और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए स्वचालित स्लाइडिंग दरवाजों से लैस नॉन-एसी ईएमयू कोच भी तैयार किया है. कोलकाता मेट्रो के लिए भी इसने कोचों के अंदरूनी हिस्से बेहतर बनाया है. 

ये भी पढ़ें: स्‍टेशन पर कुली ने 230 के बदले मांगे 800 रुपये, 500 में डील डन… रेलवे का एक्‍शन! आप भी ऐसे कर सकते हैं शिकायत


Prev Post
Next Post