सालभर में 20 मर्डर, 15 रेप… 'कालीन भैया' वाले मिर्जापुर में क्या कहता है क्राइम का ग्राफ?
Raisina News Desk- सितंबर 07, 2026 05:27 PM IST

नई दिल्ली:
इतिहास में मिर्जापुर कारोबार का एक बड़ा केंद्र हुआ करता था. ईस्ट इंडिया कंपनी के दौर में इस जगह का नाम ‘मिर्जापुर’ रखा गया था. मिर्जापुर शब्द ‘मिर्जा’ से बना है, जो फारसी के ‘अमीरजादा’ शब्द से निकला है. इसका शाब्दिक अर्थ होता है- ‘राजाओं की जगह’ या ‘अमीरों का शहर’.
यह जिला दुनिया भर में अपनी कालीन लिए प्रसिद्ध है. लेकिन आज के दौर में मिर्जापुर की एक नई पहचान बन चुकी है- ‘कालीन भैया’. वही कालीन भैया, जो पहले ‘मिर्जापुर’ सीरीज में छाए रहे और अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में भी हैं. पंकज त्रिपाठी ने इस किरदार को निभाया है और पूरी कहानी के केंद्र में यही किरदार है, जो खुद को मिर्जापुर का ‘बेताज बादशाह’ मानता है. सीरीज में दिखाया गया है कि जो मिर्जापुर पर राज करता है, वह पूरे पूर्वांचल और यूपी की सियासत को नियंत्रित करता है.
सीरीज और फिल्मों में मिर्जापुर की जो तस्वीर गढ़ी गई है, वह हिंसा, अंधाधुंध हत्याएं, अवैध तमंचे और ‘बर्फी’ (अफीम/ड्रग्स) के काले कारोबार से भरी है. लेकिन सवाल उठता है कि क्या हकीकत में भी मिर्जापुर ऐसा ही है? क्या वाकई यहां उतना ही जुर्म है, जितना पर्दे पर दिखाया जाता है?
ये वीडियो भी देखें- जब बिहार में ‘मुन्ना भैया’ का हुआ जोरदार स्वागत
मिर्जापुर में अपराध की जमीनी हकीकत जानने के लिए हमने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट का विश्लेषण किया. NCRB का डेटा पर्दे की इस खौफनाक तस्वीर के बिल्कुल उलट हकीकत बयां करता है.
चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मिर्जापुर को पर्दे पर खूंखार दिखाया गया है, वह असल में उत्तर प्रदेश के टॉप 15 सबसे कम अपराध वाले सुरक्षित जिलों में शुमार है.
दिल्ली से करीब 650 किमी और धर्मनगरी वाराणसी से महज 67 किमी दूर विंध्य पहाड़ियों की गोद में बसा मिर्जापुर प्राकृतिक और ऐतिहासिक रूप से बेहद समृद्ध है. 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की आबादी करीब 24.96 लाख है. 1989 में सोनभद्र के अलग होने से पहले यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा जिला हुआ करता था.
ईस्ट इंडिया कंपनी ने मध्य और पश्चिमी भारत के व्यापार को जोड़ने के लिए इस शहर को विकसित किया था, जो बाद में कपास और रेशम का बड़ा व्यापारिक केंद्र बना. आज भी यह जिला यूपी की मजबूत अर्थव्यवस्था का हिस्सा है, जिसकी डिस्ट्रिक्ट जीडीपी 10,266 करोड़ रुपये से अधिक है.