ग्वालियर से लखनऊ 5 घंटे में, भिंड-इटावा, कानपुर, आगरा तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी, MP-UP की नई लाइफलाइन
Raisina News Desk- सितंबर 11, 2026 04:01 PM IST

ग्वालियर लखनऊ का 330 किलोमीटर का सफर अब 5 से 5.5 घंटे में पूरा हो जाएगा. जबकि भिंड, इटावा, कानपुर जैसे शहरों से भी ग्वालियर की कनेक्टिविटी और तेज होने वाली है. ग्वालियर से शुरू होकर मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा तक जाने वाला 108 किलोमीटर लंबा 2-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) तैयार हो चुका है. मध्य प्रदेश लोकनिर्माण विभाग की तरफ से इसकी पुष्टि हो गई है. ऐसे में एमपी और यूपी को जोड़ने वाला यह हाईवे अब दोनों राज्यों की नई लाइफलाइन माना जा रहा है. ग्वालियर से भिंड होते हुए यात्री इटावा से यूपी में एंट्री कर जाएंगे. इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम किया गया है, जिसे अब यात्रियों के लिए पूरी तरह से खोल दिया गया है.
ग्वालियर से लखनऊ का 330 किलोमीटर का सफर तय करने में पहले 8 से 9 घंटे का समय लगता था. लेकिन अब यह सफर 5 से 5.5 घंटे में पूरा होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि ग्वालियर से शुरू हुआ नया NH-719 सीधा उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है. जिससे वाहन नॉन-स्टॉप सीधे लखनऊ की तरफ बढ़ रहे हैं. पहले टूटी सड़क के साथ-साथ ट्रैफिक का भारी दबाव यात्रियों को परेशान कर देता था. लेकिन इस 2 लेन हाईवे के शुरू होने से यात्रियों को लकनऊ पहुंचने में आसानी होगी. जिससे पहले के मुकाबले अब यात्रियों के समय में 3 से 3.5 घंटे के समय की बचत होगी. फिलहाल यह हाईवे 2 लेन है, लेकिन भविष्य में इसे 4 लेन में अपग्रेड करने की योजना है. जिससे ग्वालियर लखनऊ के समय में और बचत होगी. अब इस हाईवे पर गाड़ियां 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं.
ग्वालियर से इटावा की दूरी भी अब महज 2 घंटे में पूरी हो रही है. दोनों शहरों के बीच की दूरी 115 किलोमीटर है. पहले यह सड़क सिंगल लेन थी, जिससे इस पर ट्रैफिक का सबसे ज्यादा दवाब रहता था, ऐसे में ग्वालियर से इटावा जाने में 4 से 5 घंटे का समय लग जाता था. लेकिन अब यह सड़क 2 लेन में अपग्रेड हो गई है. जिससे दोनों शहरों के बीच की दूरी महज 2 घंटे के अंदर सिमट गई है. बता दें कि ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे (NH-719) इसका नया नाम है. जबकि पहले इसे NH-92 कहा जाता था. लेकिन अब इसे पूरी तरह से अपग्रेड कर दिया गया है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की तरफ से इसे पूरा किया गया है.
ग्वालियर की उत्तर प्रदेश से कनेक्टिविटी सबसे ज्यादा मजबूत हो रही है. क्योंकि ग्वालियर-भिंड-इटावा हाईवे इटावा से आगे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा. जिससे कानपुर रूट से बेहतर कनेक्टिविटी हो जाएगी. ऐसे में ग्वालियर से कानपुर और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का सफर बेहद आसान हो गया है. इसके अलावा ग्वालियर की आसपास के स्थानीय कस्बे मालनपुर, गोहद, मेहगांव, फूप भी अब कनेक्ट हो गए हैं.
ग्वालियर-भिंड-इटावा हाईवे फिलहाल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की नई लाइफलाइन की तरह काम कर रहा है. फिलहाल 2 लेन मार्ग तो शुरू कर दिया गया है. लेकिन अब इसे फोरलेन में बदलने काम भी शुरू होगा. यानि जब फोरलेन शुरू होगा तो आने वाले दिनों में सफर और आसान हो जाएगा.
ये भी पढ़ेंः भोपाल से दिल्ली 9 घंटे में, ग्वालियर, आगरा-मथुरा तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी, यूपी-एमपी समेत 4 राज्य जुड़ेंगे