पीएम मोदी के जन्मदिन पर MP में 50 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी की फ्री रजिस्ट्री; 17 सितंबर से शुरू होगा महाअभियान
Raisina News Desk- सितंबर 12, 2026 10:02 AM IST

भोपाल:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को मध्यप्रदेश सरकार इस बार जनसेवा और ग्रामीण संपत्ति अधिकारों के बड़े अभियान के रूप में मनाने जा रही है. 17 सितंबर से प्रदेशभर में शुरू होने वाले ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान’ के तहत 50 लाख से अधिक लोगों की संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कर उन्हें कानूनी दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया है. इसके साथ ही ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के तहत एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनकी शुरुआत 58 लाख दीपक जलाकर की जाएगी.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों के साथ मीटिंग करते निर्देश दिए कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इन अभियानों को उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आमजन को अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरण किया जाए.
अभियान का सबसे महत्वपूर्ण पहलू ग्रामीण आबादी को संपत्ति के कानूनी अधिकार दिलाना है. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 41 हजार 568 गांवों में 68 लाख 47 हजार प्लॉटों का सर्वे पूरा किया जा चुका है. अब 50 लाख से अधिक हितग्राहियों के नाम पर इन संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को संपत्ति संबंधी सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा.
राजस्व विभाग की ओर से बताया गया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित होगा. पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की जाएगी.
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पंचायत में गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को विशेष शिविर लगाए जाएं और प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्री का लक्ष्य हासिल किया जाए. इसके लिए पटवारी, सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों को जिम्मेदारी दी गई है.
‘सेवा से संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम के साथ होगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में एक साथ 58 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे. इन दीपकों को विभिन्न हितग्राही परिवारों के घरों, ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर प्रज्ज्वलित किया जाएगा. इसका उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों को इस अभियान से जोड़ना है.
उज्जैन में इस कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है. कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाबा महाकाल के महाकाल लोक में 25 लाख से अधिक दीपक जलाने की योजना बनाई गई है. इस कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और आम नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा. सरकार का लक्ष्य इसे प्रदेश के सबसे बड़े दीपोत्सवों में शामिल करना है.
सेवा से संकल्प अभियान के तहत पूरे महीने 13 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘बदलाव की कहानियां’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग’, हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम शामिल हैं. इसके अलावा सरकार आपके द्वार शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा. अभियान का उद्देश्य विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है.