जमुई कांड: छात्रा को इंसाफ दिलाएंगी बिहार की 'लेडी सिंघम', कौन हैं IPS दीप्ति मोनाली?
Raisina News Desk- सितंबर 24, 2026 06:41 AM IST
ips dipti monali lead jamui sit investigation bihar
बिहार के जमुई में दसवीं की छात्रा के साथ हुई हैवानियत की जांच की कमान दबंग आईपीएस अधिकारी दीप्ति मोनाली के हाथ में होगी. जमुई के सांसद अरुण भारती ने बताया कि घटना की जांच के लिए सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर दीप्ति मोनाली की अगुवाई में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है.
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 में अखिल भारतीय स्तर पर 184वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हुईं दीप्ति मोनाली वर्तमान में जमुई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर तैनात हैं. 2024 बैच की बिहार कैडर की आईपीएस अधिकारी दीप्ति ने जमुई अनुमंडल की कमान संभालकर जिले की पहली महिला एसडीपीओ बनने का गौरव हासिल किया है.
मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण की रहने वाली IPS दीप्ति मोनाली की परवरिश पटना में हुई. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, पटना से पूरी की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह दिल्ली विश्वविद्यालय गईं, जहां उन्होंने दौलत राम कॉलेज से दर्शनशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके पश्चात उन्होंने प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस से दर्शनशास्त्र में ही स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल की.
अपनी शैक्षणिक शिक्षा पूरी करने के बाद दीप्ति ने राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया और भारतीय पुलिस सेवा में अपने व्यावहारिक कार्यकाल की शुरुआत की. उनकी पहली महत्वपूर्ण तैनाती गया जिले में प्रशिक्षु सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में हुई. गया में व्यावहारिक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें जमुई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई.