इंदिरा का गुस्सा, इमरजेंसी का फैसला और 1984 के दंगे… सोनिया गांधी की किताब में 7 चैप्टर कौन-कौन से हैं?
Raisina News Desk- नवंबर 11, 2026 05:03 AM IST
संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की ऑटोबायोग्राफी ‘Belonging: a journey of love’ रिलीज हो गई है. ये किताब पिछले काफी समय से सुर्खियों में बनी हुई थी. इस किताब में कुल 7 चैप्टर हैं, जिसमें सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी से जुड़ी द यादें लिखी हैं. इंदिरा गांधी की सरकार से लेकर अब तक देश में जितनी भी महत्वपूर्ण सियासी और सामाजिक घटनाएं हुई हैं, उन सभी का जिक्र इसमें है.
उनको उन्होंने किस तरह करीब से देखा, उन घटनाओं पर उनके अपने क्या विचार रहे हैं. गांधी परिवार के बारे में क्या कुछ बताया. पीएम मोदी और संघ परिवार पर वो क्या सोचती हैं. विपक्ष में रहकर वर्तमान सरकार के बारे में क्या कुछ अनुभव किया है. इस किताब में हर चीज के बारे में बताया गया है. ये सभी मुख्य बातें हम आपको बताते हैं.
किताब के पहले चैप्टर ‘Love and Courtship’ में साल 1965 के दौरान इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से उनकी पहली मुलाकात का जिक्र है.
दूसरे चैप्टर ‘Finding My Way’ में मुख्य रूप से उनके भारत आने के बाद एक बिल्कुल नए माहौल में ढलने और खुद को स्थापित करने के सफर को बयां किया गया है.
तीसरा चैप्टर ‘Triumphs and Defeats’ है, जिसमें मुख्य रूप से 1975 में लगाई गई इमरजेंसी और उससे जुड़े पारिवारिक और राजनीतिक घटनाक्रमों का विवरण है.
चौथा चैप्टर ‘Rajiv as Prime Minister’ है. इसके शीर्षक से स्पष्ट है कि ये पूरा अध्याय राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सफर, उनकी कार्यशैली और उनके कार्यकाल की बड़ी घटनाओं पर केंद्रित है.
पांचवां चैप्टर ‘Denouement and Aftermath’ है. इसमें मुख्य रूप से मई 1999 के ‘विदेशी मूल’ के विवाद और उसके बाद पैदा हुए राजनीतिक हालातों के बारे में लिखा गया है.
छठा चैप्टर ‘Leading The Congress Party’ है. इसमें उन्होंने विस्तार से लिखा है कि राजीव गांधी की दुखद हत्या के बाद वे राजनीति से पूरी तरह दूर रहना चाहती थीं. लेकिन उस अनिच्छा से लेकर बाद में लंबे समय तक उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान भी संभालनी पड़ी.
और अंत में सातवां चैप्टर ‘Twenty Years On’ है. इसमें साल 2004 के आम चुनावों में UPA की जीत से लेकर, अगले दो दशकों की अपनी राजनीतिक यात्रा के बारे में लिखा है.
कह सकते हैं कि उनकी इस आत्मकथा में देश के दो पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की यादें हैं, उनसे पारिवारिक रिश्ते, उनके फैसले और फैसले के पीछे की वजह हैं. किताब में मेनका गांधी और वरुण गांधी से रिश्तों पर बात है. इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख दंगों का जिक्र है.2004 में पीएम नहीं बनने वाली कहानी है. मनमोहन सिंह, प्रणब मुखर्जी और सीताराम केसरी के साथ संबंधों की बात है. इसके साथ ही पीएम मोदी और संघ पर भी बहुत कुछ लिखा गया है और जिस पर राजनीतिक विवाद भी जारी है. बीजेपी ने सवाल पूछा है कि इस किताब में इतना कुछ लिखा गया है, लेकिन बहुत कुछ छिपाया क्यों गया है.
शुरुआत सोनिया गांधी और राजीव गांधी के रिश्ते से करते हैं. सोनिया गांधी की आटोबायोग्राफी,’Belonging: a journey of love’के कवर पेज पर सोनिया गांधी की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर है. ये तस्वीर उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने साल 1966 में खींची थी. सोनिया गांधी ने इसी तस्वीर को अपनी किताब का कवर पेज चुना.
किताब के शुरुआती पेज पर सोनिया गांधी ने लिखा है- मेरे बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रेहान और मिराया के नाम. इसके बाद एक पेज पर ऋग्वेद की ऋचाएं ली गई हैं. सोनिया ने किताब को निजी संस्मरण कहा है, और दावा किया है कि ये कोई राजनीतिक किताब नहीं है. अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से जुड़े कई किस्सों का जिक्र किया है. उस दौरान लगाई गई इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख दंगों की चर्चा की है .
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इमरजेंसी के फैसले को एक भूल बताया है और लिखा है कि उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी बाद में इसका अहसास होने लगा था. उन्होंने लिखा कि इंदिरा गांधी भीतर से कभी भी इमरजेंसी को लेकर पूरी तरह सहज नहीं थीं, लेकिन उस समय के बिगड़ते हुए हालात और राजनीतिक उथल-पुथल के कारण उन्हें लगा कि ऐसा करना जरूरी हो गया है.
सोनिया ने आगे लिखा कि संजय गांधी इमरजेंसी न हटाए जाने के पक्ष में थे और उस समय अगर संजय गांधी को नियंत्रित रखा गया होता, तो आपातकाल के बाद हुए काफी नुकसान को रोका जा सकता था.
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार पर काफी कुछ लिखा है. उन्होंने दावा किया है कि स्वर्ण मंदिर में सेना की कार्रवाई के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में आंसू थे और वो काफी दुखी थीं.उन्होंने लिखा ‘मैं उनका चेहरा आंसुओं से भीगा हुआ देख सकती थी, दर्द और पछतावे के आंसू. मुझे लगता है कि वो घेराबंदी के अंत के तरीके और उसमें मारे गए लोगों की भारी संख्या पर दुखी थीं’.
सोनिया गांधी की किताब में सिख दंगों का जिक्र है. उन्होंने लिखा है कि 1984 के दंगों में RSS भी शामिल था. कांग्रेस के नेताओं पर और RSS के लोगों पर भी दंगे का केस दर्ज हुआ. 4 आयोगों, 9 समितियों और 2 विशेष जांच टीमों के गठन के बावजूद, पीड़ितों को न्याय मिलना बहुत मुश्किल रहा है.
सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी यानी सास बहू के आपसी रिश्तों पर भी अपनी आत्मकथा लिखा गया है. किताब में उन्होंने लिखा ‘इंदिरा गांधी को कभी-कभी इतना गुस्सा आता था कि घर और कार्यालय का पूरा स्टाफ सहम जाता था. एक बार एक कर्मचारी महत्वपूर्ण अपॉइंटमेंट याद दिलाना भूल गया था. जिसके बाद इंदिरा गांधी ने उसे कमरे के एक कोने में खड़ा रहने को कहा था. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता को दीवार की ओर मुंह करके खड़े हुए देखा था.बाद में उन्हें पता चला कि इंदिरा गांधी के निर्देश पर वो ऐसा कर रहे थे. हालांकि दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के स्वभाव में बदलाव आया और उनके गुस्से की घटनाएं कम होने लगीं’.