Aaj Ki Taaja Khabar Live Updates: PM मोदी का आज UP समेत 3 राज्यों का दौरा, सबसे पहले जाएंगे पश्चिम बंगाल
Raisina News Desk- नवंबर 21, 2026 12:48 AM IST
21 Nov 2026 12:03 AM (IST)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को 3 राज्यों का दौरा करेंगे. दौरे के तहत वह पहले पश्चिम बंगाल फिर बिहार और उसके बाद उत्तर प्रदेश जाएंगे. बंगाल में वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में शामिल होंगे. फिर बिहार के वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और इसके बाद लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे.
21 Nov 2026 12:02 AM (IST)
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले BJP की मीडिया टीम की अहम कार्यशाला का आयोजन आज शनिवार को लखनऊ में किया जा रहा है. इस वर्कशॉप में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, CM योगी आदित्यनाथ और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के शामिल होने की संभावना है. इसमें BJP के सभी प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, जिले के मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चों के प्रभारी और सह प्रभारी शामिल होंगे.
21 Nov 2026 12:01 AM (IST)
उत्तर प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर SSR के अंतर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में नागरिकों की सुविधा के लिए आज से 2 दिन के विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं. सभी जगहों पर सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 4 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे. रजिस्ट्रेशन से छूटे पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर रहेगा.
21 Nov 2026 12:00 AM (IST)
रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह आज 2 दिन दौरे पर लखनऊ पहुंच रहे हैं. इस दौरान वह शहर के 2 प्रमुख शैक्षणिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे. पहले दिन गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें स्किल दीक्षांत समारोह एवं राष्ट्रीय टॉपर्स सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे. जबकि अगले दिन 22 नवंबर को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. वह आज 3:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे.