उत्तराखंड के चमोली में टनल के अंदर घुसा पानी, 3 मजदूरों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Raisina News Desk- अगस्त 13, 2026 10:50 PM IST

चमोली:
उत्तराखंड के चमोली जिले में एचसीसी (हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी) की टनल में एक बड़ा हादसा सामने आया है. टनल के अंदर अचानक पानी का तेज बहाव आने से आपातकालीन स्थिति पैदा हो गई, जिसके चलते कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की सूचना है. चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना के समय टनल के अंदर 22 मजदूर काम कर रहे थे. कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. निकाले गए मजदूरों में से दो को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया जा चुका है, जबकि अन्य घायलों और प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अतिरिक्त एंबुलेंस मौके पर भेजी गई हैं.
एसपी ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है. टनल में अचानक पानी भरने की वजह से अंदर मौजूद मजदूरों के फंसने की आशंका बनी हुई है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी (THDC) टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है. जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.
जिला प्रशासन को घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है और अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. बचाव दल टनल के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. चमोली जिले में हुई इस घटना को एक बड़ी दुर्घटना के तौर पर देखा जा रहा है.
फिलहाल, यह शुरुआती जानकारी के आधार पर तैयार रिपोर्ट है. टनल में फंसे लोगों की सटीक संख्या, उनकी स्थिति और रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने पर अपडेट किया जाएगा.
ये भी पढे़ं : चोर शोरूम में 4 घंटे रहा, कॉफी पी, नहाया, लुंगी डांस किया फिर… Video