ऑनलाइन ऑर्डर किए चिकन में गड़बड़ी का आरोप, KFC आउटलेट पर हेल्थ डिपार्टमेंट की रेड

बेंगलुरु शहर के KS राव रोड स्थित सिटी सेंटर के KFC आउटलेट पर स्वास्थ्य विभाग ने अचानक छापेमारी की. यह कार्रवाई एक उपभोक्ता की शिकायत के बाद की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि ऑनलाइन मंगाया गया चिकन बासी था और उसका स्वाद भी असामान्य था.

जानकारी के अनुसार एक ग्राहक ने KFC से ऑनलाइन ‘चिकन पेरी पेरी लेग्स’ ऑर्डर किया था. ग्राहक का आरोप है कि उसे मिला चिकन ताजा नहीं था और उसका स्वाद खराब था. शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की.

रसोई से लेकर फ्रीजर तक की गई जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आउटलेट की रसोई, स्टोर रूम, कोल्ड स्टोरेज, डीप फ्रीजर और तैयार रखे गए फ्राइड चिकन स्टॉक की बारीकी से जांच की. टीम ने खाद्य सामग्री के रखरखाव और भंडारण की स्थिति का भी निरीक्षण किया ताकि किसी तरह की लापरवाही का पता लगाया जा सके.

चिकन के नमूने लैब भेजे गए

जांच के दौरान अधिकारियों ने चिकन के नमूने एकत्र कर उन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया. साथ ही निरीक्षण के दौरान गोदाम को बंद कर दिया गया ताकि जांच पूरी होने तक खाद्य सामग्री की स्थिति सुरक्षित रखी जा सके.

रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित आउटलेट के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जा सकते हैं. फिलहाल विभाग रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और मामले की निगरानी कर रहा है.

महाराष्ट्र में 58 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, ऑनलाइन सट्टा रैकेट चलाने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी से महाराष्ट्र पहुंची मिट्टी, BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले- जाति व्यवस्था से ऊपर उठकर राष्ट्रभक्ति जरूरी

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

Prev Post
Next Post