कौन है कल्याण बैसला, जिसने गुरुग्राम में महिला बाइकर पर ढाया रफ्तार का कहर; बताता है इंटरनेशनल प्लेयर
Raisina News Desk- सितंबर 14, 2026 04:33 PM IST

नई दिल्ली:
गुरुग्राम की सड़क पर कार से महिला बाइकर को बुरी तरह टक्कर मारने वाले शख्स की पहचान कल्याण बैसला के नाम से हुई है. वह हरियाणा के ही पलवल का रहने वाला है. उसने जिस मारुति सियाज कार से टक्कर मारी थी, वह उसकी अपनी नहीं है बल्कि उसके दोस्त मनीष की है. वह कार को मांगकर ले गया था. अब उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से जानकारी मिली है कि वह खुद को इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर बताता है. इसके अलावा उसने खुद को इंडियन रग्बी टीम का खिलाड़ी भी बताया है. इस बारे में बात की गई तो कार मालिक मनीष के परिवार ने बताया कि कल्याण गाड़ी को मांगकर ले गया था.
उन्होंने बताया कि गाड़ी हमारी थी और जिसे मनीष का दोस्त कल्याण मांग कर ले गया था. वह पलवल के ही टिकरी गांव का रहने वाला है और हमें दुर्घटना की जानकारी भी टीवी के जरिए ही हुई है. उसके बाद कल्याण से बात करने पर उसने कहा कि मैं गाड़ी को ठीक करा कर दूंगा. इसके अलावा यह भी कहा कि मैं कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हूं. इंस्टाग्राम पर कल्याण अकसर अपनी बॉडी दिखाते हुए तस्वीरें शेयर करता था. जानकारी मिली है कि वह एक जिम भी चलाया करता था, जिसे उसने कुछ दिन पहले ही बंद किया था.
पढ़ें: दूर रहो… चिल्लाती रही स्पोर्ट्स बाइक पर जाती महिला, कार से टक्कर मार भागे शोहदे
उसने खुद को एक बॉडी बिल्डिंग टूर्नामेंट Amateur Olympia India का विजेता भी बताया है. हालांकि उसके किसी भी दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती. कल्याण बैसला अकसर ही सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहता है. अब उसने अपना इंस्टा प्रोफाइल डिएक्टिवेट कर दिया है. बता दें कि पीड़िता ने रविवार की रात को वीडियो शेयर किया था. इसमें उसने बताया था कि कैसे कार सवार ने उसे तंग किया था. उसने जब उन्हें दूर रहो कहकर बाइक आगे बढ़ाई तो उन लोगों ने पीछा किया और टक्कर मार दी. इसके बाद कार को तेजी से दौड़कर निकल गए. वीडियो में दिखता है महिला बाइकर बुरी तरह से गिर जाती है और उसे गंभीर चोटें आई हैं.
इस बीच पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपील की है कि उसके बारे में ज्यादा जानकारी मीडिया न शेयर की जाए. पारिवारिक सूत्रों के हवाले से पता चला है कि उसने बाइक एक्सिडेंट के बाद भी हिम्मत दिखाई और खुद से ही गाड़ी चलाकर घर तक पहुंची थी. उसके हाथ और पैर में थोड़ी चोट लगी है. जानकारी के मुताबिक महिला के परिवार में कुल 4 सदस्य हैं और पिता पेशे से बिल्डर हैं. उसने इंस्टा स्टोरी में बताया कि मैं जल्दी ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऊंगी. महिला ने लिखा कि मैं आज शाम तक अपने वकील के माध्यम से केस दर्ज कराऊंगी. आप सभी का समर्थन के लिए शुक्रिया.