गंगा एक्सप्रेसवे से भी लंबा UP का ये नया कॉरिडोर, गोरखपुर से दिल्ली-हरियाणा सिर्फ 8 घंटे, 22 जिलों से गुजरेगा
Raisina News Desk- जुलाई 15, 2026 06:14 PM IST

उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन गया है. यहां गंगा एक्सप्रेसवे से लेकर लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां रफ्तार भरती हैं. अब यूपी को एक और नया एक्सप्रेसवे मिलने जा रहा है. यह नया एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे से भी लंबा होगा. हम बात कर रहे हैं ‘गोरखपुर-पानीपत एक्सप्रेसवे’ की. इसे गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के नाम से भी जाना जाता है. यह एक्सप्रेसवे यूपी और हरियाणा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा. साथ ही पूर्वी यूपी के जिलों को दिल्ली-एनसीआर के भी करीब लेकर आएगा. आइए इस एक्सप्रेसवे के बारे में विस्तार से बताते हैं.
यह एक्सप्रेसवे यूपी के 22 जिलों से होकर गुजरेगा. जहां अबी गोरखपुर से दिल्ली या हरियाणा जाने में 12 से 14 घंटे का समय लगता है, इस नए एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद यह समय घटकर लगभग 7 से 8 घंटे रह जाएगा.
गोरखपुर-पानीपत एक्सप्रेसवे करीब 750 किलोमीटर का होगा. NHAI ने इस प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. यूपी के 133 गांवों की जमीन इस परियोजना से प्रभावित होगी. एक्सप्रेसवे बनने के बाद यूपी और हरियाणा के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, माल ढुलाई आसान होगी और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
यह एक्सप्रेसवे सिद्धार्थनगर के बांसी से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा. इसके बाद यह संतकबीरनगर के मेहदावल, गोरखपुर सदर और कैंपियरगंज होते हुए कुशीनगर के हाटा क्षेत्र से आगे बढ़ेगा. इसके बाद यह बहराइच, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर होते हुए अयोध्या-लखनऊ और शाहजहांपुर तक जाएगा. इसके बाद यह एक्सप्रेसवे बदायूं, मुरादाबाद मेरठ होते हुए शामली तक जाएगा. इसे आगे पानीपत तक बढ़ाने की योजना है.
यह प्रोजेक्ट NHAI द्वारा प्रस्तावित एक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है. इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है. यह 6-लेन का एक्सप्रेसवे होगा जिसे भविष्य में 8-लेन तक चौड़ा किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें: UP का नया लाइफलाइन हाइवे! अलीगढ़ से पलवल 1 घंटे में, नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान, एटा-बरेली तक कनेक्टविटी