'दोषियों के खिलाफ FIR हो', छात्रों पर पुलिस की कथित फायरिंग पर SC पहुंचे मनोज झा
Raisina News Desk- जुलाई 27, 2026 01:25 PM IST

राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों पर कथित पुलिस बल प्रयोग के मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में 20 जुलाई से हुए छात्र प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कथित ज्यादती की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
सोमवार को वकील फौजिया शकील ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख किया था. उन्होंने कहा कि याचिका में बिहार पुलिस फायरिंग सहित सभी घटनाओं का विस्तृत विवरण शामिल है.
याचिका की पृष्ठभूमि में बिहार के सिवान जिले की घटना भी शामिल है, जहां नीट पेपर लीक के विरोध में AISA द्वारा बुलाए गए ‘बिहार बंद’ के दौरान हिंसा भड़कने पर पुलिस फायरिंग में तीन प्रदर्शनकारी घायल हो गए थे.
सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई मंगलवार को उन अन्य याचिकाओं के साथ करेगा जिनमें देशभर में नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित अत्यधिक पुलिस बल प्रयोग का आरोप लगाया गया है. दायर की गई याचिका में 5 बड़ी मांगे रखी गई हैं-
पहली: कथित पुलिस ज्यादती के मामलों में एफआईआर दर्ज हो
दूसरी: प्रत्येक राज्य में एसआईटी द्वारा जांच हो
तीसरी: दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक और विभागीय कार्रवाई हो
चौथी: घायल प्रदर्शनकारियों को मुआवजा और उपचार का खर्च मिले
पांचवीं:देशभर में एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार हो
ये भी पढ़ें- आंदोलन से निकली पार्टियां असल में कितनी सफल हो पाती हैं?
वैसे एक याचिका राजद सांसद सुधाकर सिंह ने भी दाखिल की है. सुप्रीम कोर्ट ने भरोसा दिया है कि NEET परीक्षा मे NTA को हटाने ,कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा कराने जैसे अन्य सुधारो को लागू किए जाने पर विचार किया जाएगा.