नोएडा में बनेगा भंगेल से भी ऊंचा एलिवेटेड रोड, मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगा, सेक्टर 94 तक सीधी कनेक्टिविटी
Raisina News Desk- अगस्त 19, 2026 04:15 PM IST

नोएडा सेक्टर-38 से सेक्टर 94 को जोड़ने वाला एलिवेटेड रोड नोएडा-भंगेल एलिवेटेड से भी ऊंचा बनेगा. दरअसल एलिवेटेड रोड का कुछ हिस्सा मेट्रो की मजेंटा लाइन के ऊपर से होकर गुजरेगा. इस वजह से इसकी ऊंचाई 20 मीटर होगी. मेट्रो लाइन का ट्रैक निकलने की वजह से ही इसकी ऊंचाई ज्यादा रखी गई है.
इस प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का डीपीआर तैयार किया जा चुका है. इसे IIT रुड़की ने नोएडा अथॉरिटी को सौंप दिया है. इस एलिवेटेड रोड को बनाने में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान जताया जा रहा है, हालांकि यह घट या बढ़ भी सकता है.
बता दें कि दिल्ली से मयूर विहार फ्लाईओवर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक चिल्ला एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है. यहां से 2 किमी लंबा एलिवेटेड रोड सेक्टर 94 यमुना पुश्ते को जोड़ने के लिए बनाया जाएगा अब तक नोएडा में दो एलिवेटेड रोड बने हैं.
अब तक बने दो एलिवेटेड रोड नोएडा और भंगेल की ऊंचाई 10 मीटर के करीब है. लेकिन नया एलिवेटेड रोड 20 मीटर ऊंचा होगा. बता दें कि महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 तक बनने वाले एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट में बड़ा बदलाव किया गया है. पहले इस रोड की लंबाई 1.5 किमी प्रस्तावित थी, जिसे अब 500 मीटर बढ़ाकर 2 किमी. कर दिया गया है. महामाया फ्लाईओवर के पास एलिवेटेड रोड से पुश्ते तक सीधी कनेक्टिविटी के लिए एक पुल भी बनाया जाएगा.
आईआईटी रुड़की पिछले डेढ़ महीने से इस प्रोजेक्ट का डीपीआर तैयार कर रहा था. उसने हाल ही में प्रारंभिक डीपीआर नोएडा अथॉरिटी को सौंपा था. अथॉरिटी ने इसमें कुछ बदलावों का सुझाव दिया है. वहीं फाइनल DPR तैयार करने को कहा है.
अथॉरिटी का कहना है कि नया एलिवेटेड रोड चिल्ला एलिवेटेड रोड से कनेक्ट होगा. ऐसे में महामाया फ्लाईओवर के पास पुश्ते की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए सीधा रास्ता चाहिए होगा. इसी वजह से फाइनल DPR में एलिवेटेड से जुड़ा पुल बनाने की बात कही गई है, ताकि पुश्ते की तरफ जाने वालों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके.