बच्चों पर लाठीचार्ज, आज तक ऐसा दमन नहीं देखा… अरविंद केजरीवाल घायल छात्रों से मिलने पहुंचे



नई दिल्ली:

CJP Delhi Student Protest: दिल्ली में हालिया छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे और प्रदर्शन के दौरान घायल हुए युवाओं का हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती छात्रा साक्षी की स्थिति को लेकर चिंता जताई. वहीं पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया. दूसरी ओर पुलिस सूत्रों के मुताबिक साक्षी की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है. घटना के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है. केजरीवाल थाने भी गए और DCP को पत्र भी लिखा.

RML अस्पताल पहुंचे केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरएमएल अस्पताल पहुंचकर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और युवाओं के बारे में जानकारी ली. अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक छात्रा साक्षी अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति गंभीर बताई गई थी. उन्होंने कहा कि घायलों की वास्तविक संख्या को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है.

कौन है साक्षी?

पुलिस के अनुसार अस्पताल में भर्ती छात्रा की पहचान 23 वर्षीय साक्षी के रूप में हुई है, जो दिल्ली के छतरपुर एक्सटेंशन की रहने वाली है. अधिकारियों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर उसकी स्थिति को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आधिकारिक जानकारी के अनुसार उसकी हालत नियंत्रण में है.

पुलिस कार्रवाई पर केजरीवाल के आरोप

आरएमएल अस्पताल के दौरे के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्र किसी पर हमला नहीं कर रहे थे, लेकिन उन पर लाठीचार्ज किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अत्यधिक बल प्रयोग किया गया और इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं. केजरीवाल ने छात्रों और उनके अभिभावकों से घबराने की बजाय एकजुट रहने की अपील भी की.

पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे, यहां DCP ने कराया इंतजार

केजरीवाल ने कहा कि अस्पताल के बाद वह पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाएंगे ताकि यह जानकारी मिल सके कि कितनी एफआईआर दर्ज हुई हैं और कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने कहा कि आंदोलन और उससे जुड़ी पुलिस कार्रवाई के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जाएगी. इसके बाद वे संसद मार्ग थाने पहुंचे लेकिन, 45 मिनट से DCP का इंतजार करते रहे. 

Delhi Student Protest: थाने में बैठे केजरीवाल

इस पर केजवाल ने कहा- अभी पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन आए हैं. अभी DCP से मिलने के लिए उनके कमरे के बाहर बैठे हैं. उनका इंतज़ार कर रहे हैं. पुलिस ये जानकारी पब्लिक करे –

  • कल के प्रदर्शन से संबंधित जितनी FIR की गई हैं, उसकी पूरी लिस्ट
  • जिन बच्चों को बिना FIR के गिरफ्तार किया हुआ है, उनकी लिस्ट. वे किस जेल में हैं.

इसके साथ ही उन्होंने कहा किसी बच्चे को या उनके पैरेंट्स को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. आप हमारे हैं. आपको कुछ नहीं होने देंगे. इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने DCP को पत्र लिखा. इस पत्र में पुलिस ने जिन छात्रो पर FIR दर्ज की हैं उसको सार्वजनिक करने की मांग की गई है.

घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे

प्रदर्शन के बाद घायल लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं. केजरीवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर 100 से अधिक लोगों के घायल होने की खबरें सामने आई हैं, लेकिन उनके पास इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है. वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से भी विभिन्न अस्पतालों से जानकारी जुटाई जा रही है.

राजनीतिक और कानूनी बहस तेज

छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर अब राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है. एक ओर विपक्षी दल पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए. फिलहाल मामले को लेकर जांच और राजनीतिक प्रतिक्रिया दोनों जारी हैं. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और अधिक बयानबाजी और कानूनी कार्रवाई देखने को मिल सकती है.







Source link

Prev Post
Next Post