बांकीपुर में NDA ही जीतेगा, Gen-Z बीजेपी और PM मोदी के साथ… NDTV से बोले नितिन नवीन

बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सभी राजनीतिक पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है. इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी चुनाव प्रचार करने पहुंचे. उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की जीत का दावा करते हुए कहा कि बांकीपुर के घर-घर में भाजपा और एनडीए के प्रति समर्थन है. उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद और समर्थन साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. 

‘बिहार में सभी ने एक टीम के रूप में काम किया’

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा सहित एनडीए के सभी नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में सभी ने एक टीम के रूप में काम किया है, जिसका विश्वास आज भी जनता के बीच कायम है. उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम को जनता ने खारिज कर दिया है और सड़कों पर उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि बीजेपी और एनडीए को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है.

‘बांकीपुर घर जैसा’

जब उनसे चुनाव की कठिनाई और बांकीपुर को उनका गढ़ बताए जाने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बांकीपुर उनके लिए घर जैसा है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता नीरज सिन्हा पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है. त्रिकोणीय मुकाबले और प्रशांत किशोर की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि बीजेपी और एनडीए के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से जुड़े हुए हैं. उनके मुताबिक कौन चुनाव मैदान में आता है और कौन जाता है, इससे भाजपा और एनडीए की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ता क्योंकि उनका सीधा जुड़ाव जनता से है.

Gen-Z आंदोलन को लेकर क्या बोले?

Gen-Z आंदोलन के असर को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि युवा भाजपा के साथ खड़ा है. उन्होंने दावा किया कि आज का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सम्राट चौधरी, भाजपा और एनडीए के साथ है. उन्होंने कहा कि आंदोलन का बांकीपुर उपचुनाव पर कोई खास प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा.


Prev Post
Next Post