मेरा बेटा जॉब करता है बस इतना पता है… JPSC-JSSC पेपर लीक मामले के किंगपिन अभय तिवारी की मां का बयान
Raisina News Desk- अगस्त 12, 2026 05:52 PM IST

JPSC और JSSC पेपर लीक और धांधली मामले का किंगपिन अभय तिवारी को बताया जा रहा है. अभय तिवारी देवघर जिले के मारगोमुंडा प्रखंड के कुदारखोसो गांव का रहने वाला है. अभय तिवारी की मां का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि अभय बचपन से ही बहुत मेहनती रहा है. मेरा बेटा जॉब करता है बस यही पता है. अभय तीन भाइयों में सबसे छोटा है.
अभय ने पांचवीं तक की पढ़ाई मारगोमुंडा के शिशु मंदिर में की. इसके बाद वह दुमका में रहकर पढ़ाई करने लगा और वहीं से मैट्रिक तक की शिक्षा प्राप्त की.
अभय का बड़ा भाई रामवचन तिवारी पिछले दो दशक से अधिक समय से सेना में कार्यरत है. उसका मंझला भाई अक्षय कुमार तिवारी है, जो रांची में रहता है. फिलहाल अभय के पैतृक आवास पर उसकी पत्नी, भाभी, मां, भतीजी और बेटी रह रही हैं. उसकी पत्नी की तबीयत खराब बताई जा रही है.
अभय के परिजन और गांव वाले कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं. वे किसी तरह का वीडियो भी नहीं बनाने दे रहे हैं. काफी समझाने के बाद अभय की मां कैमरे पर बोलने को तैयार हुईं. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब उनका परिवार बहुत गरीब था. उनके मुताबिक, अभय बचपन से ही बहुत मेहनती रहा है.
गांव में अभय का ही एकमात्र दो मंजिला पक्का मकान है. इस बारे में पूछे जाने पर अभय की मां मधुलता देवी ने कहा कि यह मकान उनके बड़े बेटे ने बनवाया है.