लोहे की रॉड से मारा, सिगरेट से दागा, तोड़ दी हड्डी, मां-बाप ने अपने ही बच्चों पर क्यों की इतनी बेरहमी | parents brutally beat their tow son shocking incident in suryapet district telangana



सूर्यापेट:

क्या कोई मां-बाप अपने बच्चों को गर्म लोहे की रॉड से मार सकता है, उसे गर्म चीजों और सिगरेट से जला सकता है. कुछ ऐसा ही मामला तेलंगाना के सूर्यापेट जिले के हुजूरनगर से सामने आया है. यहां पुलिस ने एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने दो छोटे बेटों को लोहे की रॉड से पीटा, गर्म चीजों से दागा और सिगरेट से जलाया है. उनकी पहचान 43 साल के ट्रक ड्राइवर नकिरीकांती रवि और पत्नी इंदु के रूप में हुई है. जिन्होंने अपने पांच साल और दो साल के बेटे को बेरहमी से पीटा है. दोनों बच्चे बुरी तरह से चोटिल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

पड़ोसियों ने की शिकायत 

बताया जा रहा है कि नकिरीकांती रवि अपनी पत्नी के साथ में बच्चों को पीट रहा था. जब बच्चों के रोने की तेज आवाजें पड़ौसियों तक पहुंची तो उन्होंने देखा कि बच्चों के शरीर पर जलने और खरोंच के कई निशान थे. जबकि छोटे बच्चे की बाईं कलाई की हड्डी टूट गई थी. दोनों रो रहे थे. ऐसे में पड़ौसियों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी थी. स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाया और इंटीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट सर्विसेज अस्पताल पहुंचाया. जबकि जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्डलाइन के अधिकारियों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि उन्हें तुरंत मेडिकल मदद मिले. शिकायत दर्ज कराने वाली आईसीडीएस सुपरवाइजर सोमू निर्मला ने कहा कि पड़ोसियों से शुरुआती पूछताछ से पता चला है कि बच्चों के साथ यह दुर्व्यवहार कई दिनों से चल रहा था.

क्यों बच्चों को मारते थे पति-पत्नी

पुलिस ने बताया बच्चों को बार-बार गर्म करछुल से दागा गया, सिगरेट से जलाया गया और उनके साथ बुरा बर्ताव किया है. बताया जा रहा है कि रवि अपनी पहली पत्नी से लगभग एक दशक पहले अलग हो गया था. उसके चार साल बाद उसने इंदु से शादी की थी. इंदु भी पहले से तलाकशुदा थीं. दो साल का लड़का इंदु का था. जबकि एक बेटा पिछली शादी का था. पुलिस को पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बच्चों को अपनी निजी आजादी में बाधा मानते थे और अपना गुस्सा उन पर निकालते थे. जिसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. 

बाल गृह भेजे गए बच्चे 

सूर्यापेट पुलिस ने बच्चों के मां-बाप के खिलाफ मामला दर्ज किया है. वहीं बच्चों को इलाज के बाद सूर्यापेट में सरकारी बाल गृह भेज दिया गया है, जबकि जोड़े को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस ने कहा कि जांच चल रही है. पुलिस बच्चों के मां-बाप से और पूछताछ में जुटी है.

ये भी पढ़ेंः गहने ले लो, पति को छोड़ दो… एक्सप्रेस वे पर गुहार लगाती रही महिला, फिर भी नहीं माने बदमाश, VIDEO




Source link

Prev Post
Next Post