सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद निर्माणाधीन सुरंग में 27 मजदूर फंसे, एक की मौत, बचाव में जुटे कर्मी
Raisina News Desk- जुलाई 21, 2026 02:00 AM IST

गंगटोक:
सिक्किम के नामची जिले में सोमवार को भूस्खलन के कारण एक निर्माणाधीन सड़क सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया, जिससे उसके भीतर कम से कम 27 मजदूर फंस गए. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचाव दल ने सुरंग के अंदर से एक शव बरामद किया है. मृतक के ठिकाने और नाम का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. शव को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया. एनडीआरएफ का बचाव अभियान जारी है.
जिला कलेक्टर अनूप तमलिंग ने बताया कि समरडुंग सुरंग में फंसे मजदूरों की सही संख्या की अभी भी पुष्टि की जा रही है और ये संख्या मौजूदा अनुमान से कम या ज्यादा हो सकती है.
#WATCH | गंगटोक: सिक्किम के नामची ज़िले में एक सुरंग ढहने के कारण कम से कम 12 मज़दूरों के फंसने की सूचना है। बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
(सोर्स: सिक्किम सरकार) pic.twitter.com/263dEfIKhv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 20, 2026
पुलिस ने बताया कि भूस्खलन के कारण समरदुंग सुरंग के अंदर संदिग्ध गैस रिसाव भी हुआ है. इसने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि भूस्खलन के कारण भूमिगत परतों या चट्टानों की संरचना में हलचल होने से ये गैस प्राकृतिक रूप से निकल रही है.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन तथा आपातकालीन सेवाओं की टीम बचाव अभियान संचालित कर रही हैं.
उन्होंने कहा, ‘एंबुलेंस को तैयार रखा गया है, जबकि गैस मास्क से लैस बचावकर्मी सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.’
अधिकारियों ने बताया कि इस सुरंग का निर्माण एक राजमार्ग परियोजना के हिस्से के रूप में किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: देशभर में बारिश बनी आफत, जम्मू-कश्मीर से लेकर असम तक बाढ़ से तबाही, घर छोड़ने को मजबूर हुए लोग