AI बता रहा कितनी बार कॉफी पी, इस दुकान पर टेक्नोलॉजी का गजब इस्तेमाल

सोशल मीडिया पर एक कॉफी शॉप का वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सामान्य से दिखने वाले सीसीटीवी कैमरे सभी ग्राहकों को मॉनिटर कर रहे हैं. यहां निगरानी इस तरीके से की जा रही है कि पता चल सके कि कौन-सा ग्राहक कितनी देर से कॉफी शॉप में बैठा है, उसने कितनी बार कॉफी पी है और वह कितनी देर में अपनी कॉफी खत्म कर रहा है.

सोशल मीडिया पर वैभव नाम के एक शख्स ने इस वीडियो को शेयर किया है. उसने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, “एक कॉफी शॉप अपने ग्राहकों को रियल टाइम में ट्रैक करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर रही है. सामान्य कैमरों के जरिए मॉनिटर किया जा रहा है कि कौन कितनी बार कॉफी पी रहा है और कितनी देर से बैठा हुआ है. कौन तेजी से पी रहा है, कौन पीछे छूट चुका है-हर मूवमेंट और हर पैटर्न को ट्रैक किया जा रहा है.”

उन्होंने आगे लिखा, “यहां बड़ी बात यह है कि किसी अतिरिक्त हार्डवेयर का इस्तेमाल नहीं हो रहा है. सामान्य से दिखने वाले सीसीटीवी कैमरे को ही परफॉर्मेंस ट्रैकर में बदल दिया गया है.”

वैसे, सोशल मीडिया पर इससे पहले भी ऐसी वीडियो वायरल हुए हैं जिनमें देखा गया है कि किस तरह तकनीक का इस्तेमाल कर परफॉर्मेंस ट्रैकिंग की जाती है. लेकिन कॉफी शॉप में इस तरह तकनीक का इस्तेमाल पहली बार देखने को मिला है. लोग इस वायरल वीडियो पर कई तरह के कमेंट भी कर रहे हैं. कुछ लोग जिज्ञासा में आकर इस सॉफ्टवेयर का नाम भी पूछ रहे हैं.

हालांकि, यह वायरल वीडियो कहां का है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. जिस शख्स ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, उसने भी जगह को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है.



Prev Post
Next Post