BRICS समिट: धार बाग प्रिंट की कायल हुईं ईरानी राष्ट्रपति की बेटी जहरा, अपने साथ क्‍या ले गईं?

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के ब्रिक्स बाजार में मध्य प्रदेश का जलवा रहा. प्रदेश के धार जिले की प्रसिद्ध ‘बाग प्रिंट’ कला ने दुनियाभर से आए प्रतिनिधियों का ध्यान खींचा. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की बेटी जहरा पेजेशकियान तो बाग प्रिंट की कायल हो गईं. उन्‍होंने इस लम्‍हें को यादगार बनाने के लिए कपड़े पर खुद ठप्पा लगाकर डिजाइन बनाई. 

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की बेटी जहरा कपड़े पर ठप्‍पा लगाते हुए.

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में आईं ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की बेटी जहरा पेजेशकियान ने ब्रिक्स बाजार में बाग प्रिंट शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और मोहम्मद काजिम खत्री के स्टॉल का विशेष अवलोकन किया. उन्होंने बाग प्रिंट बनाने की प्रक्रिया, प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक लकड़ी के ठप्पों के बारे में उत्सुकता से जानकारी ली.

कपड़े पर ठप्‍पा लगाने के बाद दिखातीं ईरान के राष्ट्रपति की बेटी जहरा.

प्राकृतिक रंगों को लेकर दिखी खास दिलचस्पी

जहरा पेजेशकियान ने खासतौर पर यह जानने में रुचि दिखाई कि बाग प्रिंट में काला रंग किस तरह तैयार किया जाता है. प्राकृतिक चीजों से रंग बनाने की पारंपरिक प्रक्रिया क्या है. शिल्पकारों ने उन्हें इसकी पूरी जानकारी दी, इसके बाद जहरा ने खुद लकड़ी के पारंपरिक ठप्पे को रंग में डुबोकर कपड़े पर छपाई की.  

बाग प्रिंट शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री ने पारंपरिक बाग प्रिंट का अंगवस्त्र भेंट किया.

बाग प्रिंट का अंगवस्त्र किया भेंट

जहरा पेजेशकियान की कला के प्रति गहरी रुचि को देखते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित बाग प्रिंट शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री ने उन्हें पारंपरिक बाग प्रिंट का अंगवस्त्र भेंट किया. भारतीयों का यह सम्मान पाकर जहरा काफी खुश हुईं और वे उसे अपने साथ ले गईं. इसके अलावा भी उन्‍होंने खरीदारी की.

भारतीय सम्‍मान पार खुश हुईं जहरा पेजेशकियान.

खास पहचान बनकर उभरा बाग प्रिंट 

धार का बाग प्रिंट प्राकृतिक रंगों, बारीक नक्काशी वाले लकड़ी के ब्लॉक्स और पारंपरिक छपाई तकनीक के लिए देश ही नहीं, दुनिया भर में प्रसिद्ध है. ब्रिक्स बाजार में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, ईरान, कजाकिस्तान, इंडोनेशिया और मलेशिया सहित अन्‍य देशों से आए अतिथियों के बीच बाग प्रिंट एक खास पहचान बनकर उभरा, जिसकी जमकर चर्चा हो रही है.

ये भी पढ़ें- भारत के 80% लोग मांसाहारी, BRICS के मेहमानों पर सरकार ने थोपी खानपान की बंदिश: कांग्रेस

ये भी पढ़ें- पुतिन, जिनपिंग और पेजेशकियान, BRICS के बीच समझिए भारत कूटनीति की कठिनाइयां


Prev Post
Next Post