CBI अफसर बनकर आए, रेड का प्लान लाए… लेकिन एक महिला की समझदारी के आगे फेल हो गई 'स्पेशल 26' जैसी फर्जी गैंग!

नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी इलाके में खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर कुछ लोगों ने एक व्यापारी के आवास पर कथित रूप से छापेमारी के नाम पर घुसने की कोशिश की. बिजनेसमैन की पत्नी ने गेट खोलने से मना कर दिया, जिससे यह साज़िश नाकाम हो गई. पुलिस ने बताया कि इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है. शिकायत के मुताबिक, करीब आठ से 10 लोग आवास पर पहुंचे और खुद के सीबीआई अधिकारी होने का दावा किया.

हालांकि, व्यवसायी की पत्नी ने गेट खोलने से इनकार कर दिया और तलाशी के लिए उचित दस्तावेजों की मांग की. समूह कथित तौर पर कुछ समय तक घर के बाहर रहा और परिवार पर उन्हें प्रवेश की अनुमति देने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की.

पड़ोसी मौके पर जमा हो गए और उन्होंने उस ग्रुप से सर्च वारंट और अधिकार-पत्र के बारे में सवाल किए. जब ​​उनसे नोटिस की कॉपी मांगी गई, तो ग्रुप ने कहा कि डॉक्यूमेंट उनकी कार में है और वे उसे लाने के बहाने वहां से चले गए. बाद में परिवार ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची.

शिकायत के अनुसार, जिन लोगों पर नकली अधिकारी होने का शक था, उन्होंने CBI के निशान वाले कपड़े पहने हुए थे और उनके पास ऐसे पहचान-पत्र थे जिनसे वे CBI अधिकारी लग रहे थे. बाद में शिकायत करने वाले के पिता को WhatsApp के ज़रिए एक नोटिस भेजा गया, जिस पर कथित तौर पर CBI डायरेक्टर का नाम और हस्ताक्षर थे. हालांकि, बाद में वह मैसेज डिलीट कर दिया गया, लेकिन परिवार ने उसका स्क्रीनशॉट ले लिया था और शिकायत के साथ पुलिस को सौंप दिया.

परिवार का आरोप है कि नोटिस नकली था और उसका इस्तेमाल ग्रुप की कथित कार्रवाई को CBI का आधिकारिक ऑपरेशन दिखाने के लिए किया जा रहा था. पूरी घटना घर के पास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें : किस काम का ये गुस्सा! व्हाट्सएप स्टेटस पर हुए विवाद में 12वीं के छात्र की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या



Prev Post
Next Post