TMC का दावा- पूर्व CM ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश, शिकायत दर्ज
Raisina News Desk- अक्टूबर 13, 2026 11:22 PM IST
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की खबर सामने आ रही है. TMC सांसद डोला सेन ने दावा किया कि एक नशे में धुत महिला ने पूर्व CM पर चाकू से हमला करने की कोशिश की. कालीघाट पुलिस स्टेशन में भी इसकी शिकायत दर्ज की गई है. TMC सांसद डोला सेन, “कालीघाट पुलिस स्टेशन में भी इसकी शिकायत की गई है. लेकिन लालबाजार पुलिस मुख्यालय ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. उन्होंने कहा कि बंगाल में हालात ऐसे हैं कि तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं और Z+ सुरक्षा वाली नेता भी सुरक्षित नहीं हैं.
तृणमूल कांग्रेस की संयुक्त महासचिव डोला सेन ने इस घटना के संबंध में कालीघाट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को एक पत्र लिखा है. पत्र में कहा गया है, “आपको सूचित किया जाता है कि मंगलवार शाम लगभग 6:00 बजे, तनिष्ठा साहा नाम की एक महिला, जो कथित तौर पर एक सिविक वॉलंटियर और नशे की आदी है. हिंसक अंदाज में पहुंची और ममता बनर्जी पर चाकू से हमला करने की कोशिश की. इसके अलावा, उसने खुद को उनकी भतीजी बताया.”
पुलिस को भेजे गए पत्र में आगे कहा गया, “महिला अपशब्दों का इस्तेमाल कर रही थी और नशे की हालत में हिंसक तरीके से ममता बनर्जी के पास जाने की कोशिश कर रही थी. उसने सड़क पर लेटकर हंगामा भी किया, जिससे ऐसा लगा कि वह पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही थी. यह चिंता की बात है कि एक व्यक्ति जो हमलावर की तरह व्यवहार कर रहा था.
Z-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के घर के गेट तक पहुंच गया, जिससे किसी बड़ी साजिश का शक पैदा होता है. आपसे अनुरोध है कि इसे BNSS की धारा 173 के तहत सूचना के तौर पर दर्ज करें और संदर्भ के लिए साथ में दी गई तस्वीरों और वीडियो पर ध्यान दें.”
डोला सेन का दावा है कि इस पूरे मामले में लालबाजार पुलिस मुख्यालय ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. सूत्रों के मुताबिक, एक नशे में धुत महिला ममता बनर्जी के पास पहुँची और उन्हें अपशब्द कहे. उसकी जेब से एक चाकू मिला है. ममता को कोई चोट नहीं आई है. बताया जा रहा है कि वह नशे में धुत महिला एक सिविक वॉलंटियर है. ममता अपने घर के पास मिलन संघ में दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने जा रही थीं. फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है.