दिल्ली में दुर्गा पूजा-छठ की तैयारियां तेज, कपिल मिश्रा ने सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक दिए खास निर्देश
Raisina News Desk- अक्टूबर 05, 2026 11:38 PM IST
पूजा की तैयारियों को लेकर कपिल मिश्रा की बैठकImage Credit source: X/@KapilMishra_IND
दिल्ली में दुर्गा पूजा और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सोमवार को दिल्ली सचिवालय में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में दोनों पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, ट्रैफिक और साफ-सफाई समेत जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. इस समीक्षा बैठक में कपिल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूजा पंडालों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं. पंडालों में CCTV कैमरे और स्कैनर, जबकि आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए पर्याप्त साइनेज लगाए जाएं. इसके अलावा DM को अपने-अपने जिलों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं.
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि आयोजकों को अलग-अलग विभागों से NOC और अनुमति लेने में परेशानी न हो, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए. आयोजन स्थलों पर हेल्थ टीम, मोबाइल टॉयलेट, पीने का पानी, बिजली, सफाई और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. ट्रैफिक पुलिस को भी आयोजन स्थलों के आसपास यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए.
मंत्री ने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भी विशेष इंतजाम करने को कहा. इसके लिए कृत्रिम या अस्थायी तालाब और टैंक तैयार करने, पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने और विसर्जन के बाद बचे अवशेषों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में घाटों और पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई. कपिल मिश्रा ने बताया कि 15 अक्टूबर से छठ पूजा के लिए सिंगल क्लियरेंस विंडो की प्रक्रिया शुरू होगी. इससे पूजा समितियों को जरूरी अनुमतियां लेने में आसानी होगी.
छठ पूजा के दौरान घाटों पर पीने का पानी, मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, मोबाइल टॉयलेट, सफाई, फॉगिंग, बिजली, सुरक्षा और ट्रैफिक की व्यवस्था की जाएगी. घाटों और आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन के साथ मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी. कपिल मिश्रा ने कहा कि पिछले साल छठ पूजा का आयोजन अच्छा रहा था और इस बार इसे और बेहतर बनाने की कोशिश है. इस साल छठ पूजा पर पहले से ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
बैठक में दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, MCD, DDA, दिल्ली जल बोर्ड, राजस्व, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, PWD, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों पर्वों से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी हों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. साथ ही आयोजकों के जरिए स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण और नशामुक्ति जैसे संदेशों को भी बढ़ावा देने को कहा गया.