स्टालिन ने राहुल को गले लगाया, सोनिया-खरगे और ममता भी साथ, क्या परिसीमन पर मानेगी DMK?

स्टालिन ने राहुल को गले लगाया, सोनिया-खरगे और ममता भी साथ, क्या परिसीमन पर मानेगी DMK?

केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव पर विपक्षी गठबंधन INDIA में मतभेद सामने आ गए हैं. DMK और NCP (SP) ने केंद्र के संशोधित प्रस्तावों का समर्थन करने के संकेत दिए हैं, जबकि कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं. ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व आखिरी वक्त में अपने सहयोगियों को मनाने की कोशिश कर रहा है. सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेता रविवार को चेन्नई में DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे. कांग्रेस इस कोशिश में लगी है कि स्टालिन अपना फैसला बदलें और परिसीमन विधेयकों के विरोध में विपक्ष के साथ आएं.

इस बीच इंडिया गठबंधन के नेताओं से मुलाकात से पहले स्टालिन तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन और पार्टी सांसद कनिमोझी के साथ अपने घर पहुंच गए. यहां वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और CPP प्रमुख सोनिया गांधी की अगुवाई वाले ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे. इस प्रतिनिधिमंडल में ममता बनर्जी और मीसा भारती भी शामिल हैं. गठबंधन के कई नेता शाम साढ़े 4 बजे के करीब स्टालिन के घर पहुंचे.

स्टालिन और पार्टी के कई नेताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में आए विपक्षी दलों के नेताओं का अपने घर पर जोरदार स्वागत किया. राहुल गांधी और स्टालिन ने गले मिलकर अभिवादन किया. ये नेता परिसीमन बिल के विरोध के लिए स्टालिन का समर्थन मांगने आए हैं.

कांग्रेस अपना रुख साफ करेः DMK सांसद कनिमोझी

इस बीच चेन्नई में DMK सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने कहा, “हमने आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को परिसीमन विधेयक पर अपना रुख और DMK सांसदों की बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में स्पष्ट रूप से बता दिया है. अब कांग्रेस को भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए. DMK के अध्यक्ष एमके. स्टालिन आज चेन्नई में INDIA गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगे और अपना अंतिम फैसला लेंगे, जिसके बाद हम अपना फैसला बताएंगे.”

केंद्र सरकार कल सोमवार, 30 नवंबर को लोकसभा में संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयक पेश करेगी. प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 की जाएंगी. सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है. राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 तक सुरक्षित रखने और परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने की बात है. राज्यसभा में विधेयक 2 दिसंबर को पेश हो सकता है.

स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे विपक्षी नेता

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दूसरे विपक्षी नेता भी स्टालिन से मुलाकात करेंगे. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि 850 सीटों तक लोकसभा का विस्तार लोकतंत्र को खत्म कर देगा और BJP-RSS को चुनावी नक्शा अपने पक्ष में बदलने की असीमित गुंजाइश देगा. उन्होंने स्टालिन से देश, तमिलनाडु और संविधान के हित में बिल को मिलकर हराने की अपील की.

जयराम रमेश ने इस राजनीतिक घटनाक्रम पर लिखा- ‘पिक्चर अभी बाकी है ब्रो.’ कांग्रेस को उम्मीद है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ बातचीत के बाद स्टालिन अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सकते हैं.

कांग्रेस को स्टालिन पर भरोसा क्यों है?

कांग्रेस और DMK के रिश्ते लंबे समय से गठबंधन के रहे हैं. विपक्षी एकजुटता के मुद्दे पर स्टालिन पहले भी कांग्रेस के साथ खड़े रहे हैं. 2019 में विपक्षी गठबंधन बनाने की कोशिशों के दौरान भी स्टालिन ने कांग्रेस को विपक्षी एकता के लिए अहम बताया था.

सोनिया गांधी ने DMK को कांग्रेस के गठबंधन में शामिल करने में भूमिका निभाई थी. दोनों नेताओं के रिश्तों को भी कांग्रेस इस बातचीत में अहम मान रही है. राहुल गांधी कई बार स्टालिन को अपना भाई कहकर संबोधित कर चुके हैं. इसी राजनीतिक रिश्ते के भरोसे कांग्रेस नेतृत्व उनसे अपना फैसला बदलने की अपील करेगा.

हालांकि, DMK ने शनिवार को सांसदों की बैठक के बाद संशोधित बिल का समर्थन करने का फैसला किया था. पार्टी का कहना है कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के प्रतिनिधित्व का अनुपात सुरक्षित रखने की उसकी मांग मान ली गई है. राज्य की सीटें 39 से बढ़कर 51 होने का अनुमान है, जबकि राष्ट्रीय हिस्सेदारी 7.18% से बढ़कर 7.21% हो सकती है.

DMK के वोट से बिल पर लोकसभा में क्या असर होगा?

केस 1: DMK बिल के सपोर्ट में वोट करे

लोकसभा में संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है. अगर 540 सांसद मतदान में हिस्सा लेते हैं, तो बिल के पक्ष में 360 वोट चाहिए. NDA के पास फिलहाल 320 वोट हैं. DMK के 22 सांसद, शरद (NCP) के और YSRCP के 4 सांसदों का समर्थन मिलने के बाद कुल 354 वोट हो जाएंगे, जो कि दो तिहाई (360) से 6 कम है, ऐसे में बिल पास कराने के लिए क्रॉस वोटिंग की जरूरत पडे़गी.

केस 2: DMK बिल के विरोध में वोट करे

DMK के 22 सांसद अगर बिल के विरोध में वोट करते हैं, तो अनुमानित समर्थन 354 से घटकर 332 रह जाएगा. अगर सभी 540 सांसद मतदान करते हैं, तो बिल पास कराने के लिए 360 वोट चाहिए. इस स्थिति में सरकार बहुमत से 28 वोट पीछे रह जाएगी और बिल पास नहीं हो पाएगा.

DMK, NCP-SP और YSRCP के समर्थन से सरकार को फायदा

शनिवार को DMK सांसदों ने बिल के समर्थन का ऐलान किया. सांसद ए राजा ने कहा कि पार्टी तमिलनाडु में सीटें बढ़ाने के पक्ष में है. शाम को DMK सांसदों ने अमित शाह से मुलाकात की. शरद पवार की NCP (SP) और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की YSRCP भी बिल के समर्थन का ऐलान कर चुकी हैं.

तीनों पार्टियों के लोकसभा में कुल 34 सांसद हैं. इनके समर्थन के बाद लोकसभा में 97 सांसदों की सीटिंग व्यवस्था बदली गई. DMK और NCP (SP) के सांसदों की सीटें INDIA गठबंधन से अलग कर दी गई हैं. NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले, कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी.

NCP (SP) के 8 सांसद भी संशोधित प्रस्तावों के समर्थन के संकेत दे चुके हैं. पार्टी शनिवार को INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हुई थी. DMK, YSRCP और NCP (SP) के समर्थन से केंद्र सरकार के पक्ष में अनुमानित आंकड़ा करीब 354 सांसदों तक पहुंच गया है. हालांकि, दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए. अब सवाल है कि क्या सोनिया और राहुल गांधी स्टालिन को अपना फैसला बदलने के लिए मना पाएंगे या परिसीमन के मुद्दे पर INDIA गठबंधन में मतभेद और गहरे होंगे?

Prev Post
Next Post