‘TVK, भाजपा की एक शाखा…’, एमके स्टालिन का CM विजय पर हमला

‘TVK, भाजपा की एक शाखा…’, एमके स्टालिन का CM विजय पर हमला

कांग्रेस और विपक्षी इंडिया ब्लॉक की पार्टियां SIR की प्रक्रिया के जरिए वोटों की चोरी और चुनावों में धांधली के आरोपों को लेकर लगातार चुनाव आयोग (ECI) के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर निशाना साध रहे हैं. इस बीच तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके के प्रमुख एमके स्टालिन ने राज्य के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साधा है. उन्होंने दावा किया है कि सीएम विजय SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के मुद्दे को लेकर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं.

उन्होंने EC विवाद पर आवाज न उठाने को लेकर CM विजय से सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (BJP) से डरते हैं? उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि तमिलनाडु के सीएम ने इस सच्चाई को स्वीकार कर लिया है कि तमिलगा वेत्री कझगम (TVK), भाजपा की ही एक शाखा है.

सीएम ने विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंचाई- स्टालिन

DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने शुक्रवार (2 अक्टूबर, 2026) को तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा में 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से इलाके में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा, ‘तमिलनाडु के सीएम ने विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंचाई, क्योंकि उन्होंने इसे MISA के तहत मेरी कैद के दौरान मेरे संघर्षों का मजाक उड़ाने की जगह बना दिया. वे मुख्यमंत्री की तरह व्यवहार करें, सस्ते मंत्री की तरह न बनें.’ 

उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री विजय को मर्यादा के साथ व्यवहार करना चाहिए, ताकि लोग उन्हें एक मुख्यमंत्री के रूप में देखें.’ इस दौरान उन्होंने धारापुरम उपचुनाव रैली में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी को पैसे से भरे बक्से दिए गए, इसलिए यह उपचुनाव आप लोगों पर थोपा गया है.

धारापुरम में एमके स्टालिन का लोगों ने किया स्वागत

वहीं, धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने से पहले चुनाव प्रचार के तहत रोड शो किया. इस दौरान स्टालिन के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में DMK कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी सड़क पर जमा हुए. उन्होंने पार्टी के झंडे लहराए और स्टालिन पर फूलों की बारिश की. स्टालिन का रोड शो करीब 2.5 किलोमीटर लंबा था, जिसकी शुरुआत अमरावती प्रतिमा से हुई और यह पोलाची रोड, लोकल बाजार और फूल बाजार से होते हुए धारापुरम पुलिस थाने के पास खत्म हुआ. 

इंडिया ब्लॉक की बैठक के लिए विजय को नहीं मिला न्योता

उल्लेखनीय है कि हाल ही में विपक्षी इंडिया ब्लॉक में शामिल सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की एक अहम बैठक हुई थी. इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए थे, लेकिन बैठक में कांग्रेस की सहयोगी दल और तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को शामिल होने के लिए न्योता नहीं दिया गया था. हालांकि, इसके पीछे कारण यह है कि सीएम विजय की पार्टी कांग्रेस की सहयोगी दल जरूर है, लेकिन वह आधिकारिक रूप से विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक में शामिल नहीं है.  

Prev Post
Next Post

लेटेस्ट न्यूज़