छवि खराब करने की कोशिश नाकाम, पंजाब के लोगों के लिए दरवाजे हमेशा खुले… भगवंत मान का विपक्षी दलों पर हमला
Raisina News Desk- अक्टूबर 11, 2026 10:21 PM IST
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में पहली बार ऐसी सरकार आई है, जो दिन-रात लोगों के लिए काम करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है. उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल के कामों से उनकी सरकार ने लोगों का विश्वास जीता है. किसानों को दिन में बिजली और नहरी पानी उपलब्ध कराने, सरकारी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक परिवार को हर महीने 15,000 रुपये की बचत होने तथा धान की खरीद के तुरंत बाद भुगतान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का रिकॉर्ड अपने आप बोलता है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि किसानों को दिन में बिजली, सिंचाई के लिए 88 प्रतिशत खेतों तक नहरी पानी, 70,685 सरकारी नौकरियां, मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं और शून्य बिजली बिलों से प्रत्येक परिवार को सालाना 1.82 लाख रुपये का लाभ मिल रहा है. मावां धीयां सत्कार योजना के माध्यम से माताओं-बहनों को दी जा रही मासिक वित्तीय सहायता उनके उचित मान-सम्मान का प्रतीक है.
धूरी में लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, पंजाब के लोगों ने वादे करने वाली सरकारों और परिणाम देने वाली सरकार के बीच अंतर देखा है. हमने पिछले साढ़े चार साल के अपने कामों से उनका विश्वास जीता है. सरकारी खजाने का एक-एक पैसा जनता का है और हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि विकास, बेहतर सार्वजनिक सेवाओं और जनकल्याणकारी पहलों के माध्यम से लोगों का पैसा उन्हीं तक वापस पहुंचे.
उन्होंने कहा, हमारी सरकार लोगों के लिए काम कर रही है. हमने बिना भ्रष्टाचार के 70,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं, सड़कों में सुधार किया है, स्कूलों और अस्पतालों को मजबूत बनाया है तथा टोल प्लाजा बंद किए हैं, जिससे यात्रियों को प्रतिदिन 70 लाख रुपये की बचत हो रही है. पहले यह पैसा अनावश्यक रूप से खर्च होता था. हम गांवों का विकास भी कर रहे हैं और खेल स्टेडियम बना रहे हैं, ताकि हमारे युवा खेलों पर ध्यान केंद्रित करके अपना भविष्य बेहतर बना सकें.
मुख्यमंत्री ने कहा, स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक परिवार की पहुंच में होनी चाहिए. मुख्यमंत्री सेहत योजना के माध्यम से हम प्रति परिवार 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवा रहे हैं. इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोग अस्पताल के बिलों की चिंता किए बिना गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपचार प्राप्त कर सकें.
मावां धीयां सत्कार योजना के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि 18 वर्ष और इससे अधिक आयु की पात्र महिलाओं को 1 जुलाई से हर महीने 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा, यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है. पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र हैं. उन्होंने आगे बताया कि पंजाब की 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है. इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा, पंजाब के इतिहास में पहली बार 1,587 गांवों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचा है, जहां पहले कभी पानी नहीं पहुंचा था. हमने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर 7,200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. नहरी पानी से सिंचित होने वाला क्षेत्र वर्ष 2022 में 20.89 लाख एकड़ से बढ़कर आज 60.30 लाख एकड़ हो गया है. नहरी सिंचाई किसानों पर आर्थिक बोझ कम करने और पंजाब की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी है.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, भाजपा को लगता था कि छापेमारी और दबाव से मैं डर जाऊंगा, लेकिन मेरे कार्यालय पर छापेमारी के बाद सीबीआई खाली हाथ लौट गई. मैं पंजाब और इसके लोगों के हितों से कभी समझौता नहीं करूंगा. मेरी ताकत लोगों के विश्वास से आती है और मैं ईमानदारी तथा दृढ़ संकल्प के साथ उनकी सेवा करता रहूंगा.