गुजरात निकाय चुनावों में BJP का दबदबा: गांधीनगर में 38 सीटों पर कब्जा, AAP का सूपड़ा साफ, कांग्रेस 5 पर सिमटी
Raisina News Desk- अक्टूबर 13, 2026 02:53 PM IST
GMC Elections Result 2026: गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 13 अक्टूबर को गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) चुनाव में 44 में से 38 सीट पर विजय प्राप्त कर बड़ी जीत हासिल की तथा थारा और ओखा नगरपालिकाओं में भी अपनी सत्ता बरकरार रखी. राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को चुनाव परिणाम की घोषणा की.
गांधीनगर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पांच सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती. आम आदमी पार्टी (आप) इस बार अपना खाता भी नहीं खोल पाई. उसने पिछले जीएसमी चुनाव में एक सीट जीती थी.
पिछला जीएमसी चुनाव अक्टूबर 2021 में हुआ था जिसमें भाजपा ने 44 में से 41 सीट जीती थीं, जबकि कांग्रेस को दो और आप को एक सीट मिली थी. बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में भाजपा ने 24 में से 19 सीट जीतीं, जबकि कांग्रेस को बाकी पांच सीट मिलीं. थारा नगरपालिका चुनाव का परिणाम भी आज घोषित हुआ.
देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगरपालिका में, जिन 32 सीट के लिए मतदान हुआ, उनमें से भाजपा ने 29 जीतीं, जबकि कांग्रेस को तीन सीट मिलीं. ओखा में चार सीट पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए क्योंकि इन सीट पर चुनाव मैदान में सिर्फ भाजपा के उम्मीदवार ही बचे थे. इन चार सीट को मिलाकर भाजपा ने नगरपालिका की कुल 36 में से 33 सीट हासिल कीं.
इन चुनाव नतीजों के साथ, भाजपा ने रविवार को हुए चुनावों में तीनों शहरी स्थानीय निकायों पर अपना कब्ज़ा बनाए रखा है. तीनों शहरी निकायों के लिए वोटों की गिनती मंगलवार सुबह नौ बजे शुरू हुई थी.