गुजरात में CNG भरवाते ही फटी कार, वीडियो वायरल; भरवाते समय क्या रखें ध्यान?
Raisina News Desk- अक्टूबर 03, 2026 12:20 PM IST
गुजरात के वडोदरा जिले के करजन में CNG भरवाने पहुंचे एक कार सवार के साथ अचानक बड़ा हादसा हो गया. नेशनल हाईवे-48 पर टोल बूथ के पास स्थित इंडियन CNG पंप पर कार में गैस भराई जा रही थी. तभी कार में लगे CNG सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया. आवाज इतनी तेज थी कि पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कार का पिछला और बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि CNG टैंक दो हिस्सों में टूट गया. धमाके का एक टुकड़ा पंप के पास जा गिरा जबकि दूसरा हवा में उड़कर दूर जा गिरा. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है जो अब वायरल हो रहा है.
हादसा करजन में टिंबा कंपनी के पास मौजूद CNG फिलिंग स्टेशन पर हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार में गैस लीक होने के बाद यह विस्फोट हुआ. धमाके की चपेट में आकर पीछे खड़ी दो दूसरी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. धमाके के तुरंत बाद पंप पर मौजूद ड्राइवर और कर्मचारी घबरा गए. कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की गई. विस्फोट की असली वजह क्या थी इसकी जांच की जा रही है.
CNG सिलेंडर फटने के बाद कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह टूट गया. धमाके की ताकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सिलेंडर भी दो टुकड़ों में बंट गया. एक हिस्सा पंप परिसर में गिरा जबकि दूसरा टुकड़ा दूर जा गिरा. आसपास खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. CCTV फुटेज में फिलिंग स्टेशन पर CNG भरने के दौरान अचानक हुए धमाके के बाद मची हलचल दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
शुरुआती जानकारी में कार में गैस लीक होने की बात सामने आई है. हालांकि गैस रिसाव किस जगह से हुआ और उसके बाद सिलेंडर में विस्फोट कैसे हुआ इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं. यह भी देखा जा रहा है कि कार में लगा CNG सिलेंडर और पूरी किट किस स्थिति में थी. सिलेंडर की वैधता और हाइड्रो टेस्ट जैसी जरूरी जांच हुई थी या नहीं इसकी जानकारी भी जांच के बाद सामने आ सकती है.