Gen-Z से इंस्टाग्राम पर राहुल गांधी की मजेदार बातचीत! बैटमैन से जुड़ा जवाब वायरल
Raisina News Desk- अगस्त 07, 2026 01:31 PM IST

नई दिल्ली:
GenZ यानी युवा पीढ़ी तक पहुंचने की एक नई कोशिश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर ‘Ask Me Anything’ सेशन शुरू किया. इसमें उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए, जिनमें झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा सवाल भी शामिल था. इस पर उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए. एक्स पर अपनी इस इंस्टाग्राम कैंपेन का लिंक शेयर करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “छात्रों, जेन-ज़ी, मैं यहां सुनने के लिए आया हूं. इंस्टाग्राम पर मुझसे कुछ भी पूछें और मैं जितना मुमकिन होगा उतने सवालों का जवाब दूंगा.”
राहुल गांधी ने कहा, “देश में हो रहे स्टूडेंट प्रोटेस्ट खराब चरमराए एजुकेशन सिस्टम के खिलाफ हैं. मैंने कोटा और देहरादून में साफ तौर पर कहा है और इलाहाबाद में भी कहूंगा कि हमारी शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है. यह आम लोगों की पहुंच से बाहर और दमनकारी है.” उन्होंने आगे कहा कि चाहे केंद्र सरकार हो, कांग्रेस सरकार हो या झारखंड सरकार, हर सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए कदम उठाने चाहिए.”
ये भी पढ़ें: ‘फर्जी तरीके से आरक्षण लेकर मिल जाती है नौकरी’, JPSC प्रोटेस्ट में दिव्यांग कोटे पर भी उठे सवाल
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन गुरुवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गया, जिसमें छह प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं. आंदोलनकारी छात्रों और नौकरी के उम्मीदवारों ने गतिरोध को सुलझाने के लिए राज्य सरकार से बातचीत करने के लिए 11 सदस्यीय डेलिगेशन का गठन किया है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले 25 जुलाई को शुरू हुआ यह विरोध-प्रदर्शन हाल के वर्षों में राज्य में छात्रों के नेतृत्व वाले सबसे बड़े आंदोलनों में से एक बनकर उभरा है.”
एक अन्य सवाल में जब राहुल से पढ़ाई के अधिकार के लिए लड़ रही युवा महिलाओं के लिए उनके मैसेज के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “भारत की महिलाएं हमारी ताकत हैं, हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हैं और सच कहूं तो मुझे समाज में महिलाओं के साथ जैसा व्यवहार किया जाता है, वह पसंद नहीं है. जिस तरह से हमारा एजुकेशन सिस्टम और कॉर्पोरेट सिस्टम महिलाओं के साथ व्यवहार करते हैं, वह भी मुझे पसंद नहीं है. महिलाएं जीवन के हर क्षेत्र में बराबरी की जगह पाने की हकदार हैं. मेरा मानना है कि वे जीवन के हर क्षेत्र में बराबरी से भी ज्यादा जगह पाने की हकदार हैं.”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “आप आत्मविश्वास रखें, बहादुर बनें, ताकतवर बनें, ठीक वैसी ही बनें जैसी आप हैं और हम आपका पूरा समर्थन करने के लिए आपके साथ हैं.” राहुल से जब पूछा गया कि बीजेपी में उनका पसंदीदा राजनेता कौन है, तो गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया.
राहुल गांधी ने कहा, “मेरी उनसे अच्छी बनती है, वे बहुत अच्छे इंसान हैं. वे मिलिट्री हिस्ट्री के जानकार हैं. हैलो, अंकल अमरिंदर.” जब राहुल से पूछा गया कि क्या भारत का एजुकेशन सिस्टम पर्याप्त संख्या में विचारक तैयार कर रहा है, तो उन्होंने कहा कि एजुकेशन सिस्टम तो विचारकों को खत्म करने में लगा हुआ है.
उन्होंने कहा, “हमारे एजुकेशन सिस्टम की खासियत अब यह है कि युवा भारतीयों को खुद से सोचने से कैसे रोका जाए. खासकर जब से RSS ने इस पर कब्ज़ा किया है.”
ये भी पढ़ें: बीजेपी में राहुल गांधी के पसंदीदा नेता कौन है? कांग्रेस नेता का जवाब सुनिए
बैटमैन वाले सवाल पर क्या बोले राहुल?
जब राहुल से पूछा गया कि क्या वह बैटमैन हैं, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “बस इतना कहिए कि किसी ने मुझे और बैटमैन को कभी एक ही कमरे में साथ नहीं देखा है!” किस फिलॉसफी में उन्हें सबसे ज्यादा दिलचस्पी है, इस सवाल पर राहुल गांधी ने कहा, “वे सभी अलग-अलग फिलॉसफी, जिन्होंने हमारे संविधान को आकार दिया है- जैसे भगवान बुद्ध, गुरु नानक देव, बसवन्ना जी, शंकरदेव जी, धरती आबा बिरसा मुंडा, पेरियार, महात्मा फुले, नारायण गुरु जी, बाबासाहेब अंबेडकर, गांधीजी और भी बहुत से लोग.”
राहुल गांधी ने यह QA सेशन उस घटना के एक दिन बाद चलाया, जब उन्होंने छात्रों के एक ग्रुप से मुलाकात की थी. इन छात्रों ने पिछले महीने NEET पेपर लीक मामले में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रोटेस्ट किया था और 20 जुलाई को पुलिस एक्शन का सामना किया था.
बुधवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रोटेस्ट करने वाले युवाओं के खिलाफ हिंसा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं और उनमें संसद में यह बताने की हिम्मत नहीं है कि छात्रों के साथ क्या हुआ था.
हाल के दिनों में राहुल गांधी इंस्टाग्राम पर छात्रों और अभिभावकों के साथ अपनी बातचीत की झलकियां लगातार पोस्ट कर रहे हैं. पिछले कुछ हफ्तों में, इंस्टाग्राम सियासी नेताओं के बीच एक अहम पॉलिटिकल मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के तौर पर उभरा है. पीएम नरेंद्र मोदी ‘GenZ’ को लुभाने के लिए एक कैंपेन चला रहे हैं, जिसमें कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी नेता भी शामिल हुए हैं.