IPS अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनते ही एक्शन में आए, सोनम वांगचुक को पहुंचाया अस्पताल, अफसरों को नसीहत
Raisina News Desk- जुलाई 19, 2026 12:13 AM IST

IPS अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनते ही पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं. 17 जुलाई 2026 को पदभार संभालते ही उन्होंने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल में भर्ती करवाया है. साथ ही दिल्ली सुरक्षा और पुलिस में आंतरिक सुधार को लक्ष्य बनाया है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हाईकोर्ट के आदेश और नए पुलिस मुखिया के निर्देश के बाद, एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत सफदरजंग अस्पताल पहुंचा दिया गया है.
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर ने करप्शन पर जोर देते हुए कहा कि जो अधिकारी पैसे देकर लगेगा वो काम क्या करेगा? करप्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कमिश्नर ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस का कोई भी पुलिसकर्मी संगठित अपराध या किसी भी तरह के अपराध में शामिल नहीं होना चाहिए. हाल ही में सीबीआई ने इंस्पेक्टर सुभाष यादव समेत कई पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस का एक हेडकांस्टेबल टिल्लू ताजपुरिया गैंग में शामिल पाया गया और उसे गिरफ्तार भी किया गया. पुलिस कमिश्नर ने मीटिंग में कहा कि दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस को एक एक्टिव होकर काम करना पड़ेगा और दिल्ली के ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने होंगे.
IPS Anurag Kumar Delhi Police Commissioner Photo Credit: IANS
सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनने के बाद अपनी पहली ही महत्वपूर्ण बैठक में बेहद कड़े शब्दों में संदेश दे दिया है कि उनके कार्यकाल में “दिल्ली पुलिस का करप्शन फ्री रहना बेहद जरूरी है.”
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे थे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक. Photo Credit: PTI
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से बिना किसी हंगामे या टकराव के बेहद शांतिपूर्ण तरीके से हटाया जाए. हुआ भी ऐसा ही; शनिवार सुबह-सुबह दिल्ली पुलिस के 30-35 जवान सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में जंतर-मंतर धरना स्थल पर पहुंचे. कार्रवाई के दौरान अनावश्यक भीड़ या अफरा-तफरी न हो और कैमरे में तस्वीरें कैद न हों, इसके लिए पूरे मंच को सफेद चादरों से ढक दिया गया. इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें मंच से उठाकर सुरक्षित बाहर ले आए.
IPS अनुराग कुमार के सामने बतौर दिल्ली पुलिस चीफ कई बड़ी चुनौतियां हैं. संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा. इसके तुरंत बाद स्वतंत्रता दिवस जैसा बड़ा समारोह आएगा. ये दोनों ही उनके लिए पहले बड़े इम्तिहान हैं. इसके अलावा दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा, ट्रैफिक जाम से निजात, साइबर क्राइम और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाना, आतंकवाद विरोधी तैयारियों को मजबूत करना और राजधानी में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखना भी चुनौतियों में शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार: 20 साल का ‘वनवास’, वापसी के 24 घंटे में बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर, 2 घंटे में संभाली कमान
IPS Anurag Kumar Delhi Police Commissioner: बैठक में अफसरों से बोले-दिल्ली पुलिस का इकबाल बना रहना चाहिए. Photo Credit: IANS
ये भी पढ़ें: खुफिया एजेंसी के पूर्व बॉस अब दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, जानें कौन हैं बुंदेलखंड के रहने वाले IPS अनुराग कुमार?
IPS Anurag Kumar Delhi Police Commissioner: अनुराग कुमार ने आदेश के दो घंटे बाद ही सतीश गोलछा से चार्ज लिया. Photo Credit: IANS
बता दें कि देश में नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ सोनम वांगचुक और कई अन्य लोग पिछले 20 दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे. अनशन के कारण वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी. शनिवार को आंदोलन के 21वें दिन उन्हें धरना स्थल से हटाकर अस्पताल ले जाया गया.
उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक एक प्रसिद्ध भारतीय इंजीनियर, एक्टिविस्ट, इनोवेटर, शिक्षा सुधारक और पर्यावरणविद् हैं. वे ‘स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख’ के संस्थापक-निदेशक भी हैं. आमिर खान की मशहूर फिल्म ‘3 इडियट्स’ का ‘रैंचो’ (फुंसुक वांगडू) का किरदार काफी हद तक सोनम वांगचुक से ही प्रेरित माना जाता रहा है.
हालांकि, इस बीच आमिर खान ने ‘लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल’ में बात करते हुए स्पष्ट किया कि साल 2009 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘3 इडियट्स’ बनाते समय न तो उन्हें और न ही फिल्म के लेखकों को सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी थी.
यह भी पढे़ं – सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई पुलिस, अभिजीत दीपके का दावा- पुलिस ने पीटा, हिरासत में लिया
यह भी पढ़ें – सोनम वांगचुक की पत्नी बोलीं- कल वह बिल्कुल ठीक थे, मेरी सहमति के बिना कोई इलाज नहीं होना चाहिए
यह भी पढे़ं – सिविल ड्रेस में जवान, चादरों से ढका मंच… जंतर-मंतर से कैसे उठाए गए सोनम वांगचुक, तस्वीरों में पूरी कहानी
पूरी स्टोरी पढ़ें