IPS मनीषा नेहरा ने क्यों छोड़ा तेलंगाना कैडर? छठे प्रयास में क्रैक की UPSC, दादा-पिता सैन्य अफसर
Raisina News Desk- सितंबर 16, 2026 09:38 PM IST

भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी मनीषा नेहरा ने तेलंगाना कैडर छोड़ दिया है. गृह मंत्रालय ने मैरिज ग्राउंड (विवाह के आधार) पर 14 सितंबर 2026 को उनका इंटर-कैडर ट्रांसफर मंजूर किया है. मनीषा नेहरा अब हरियाणा कैडर में सेवाएं देंगी. भारतीय वन सेवा के अधिकारी गौरव के साथ विवाह के आधार पर उनका कैडर बदला गया है.
2024 बैच की महिला आईपीएस अधिकारी मनीषा नेहरा की सफलता की कहानी उन लोगों के लिए मिसाल है, जो असफलताओं से हार मान जाते हैं और मेहनत करना छोड़ देते हैं. मनीषा नेहरा ने आईपीएस बनने का सपना पूरा करने के लिए यूपीएससी में छह बार प्रयास किया. मनीषा नेहरा ने यूपीएससी की ज्यादातर तैयारी घर पर रहकर ही की है और यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया लेवल पर 586वीं रैंक हासिल की.
शादी के आधार पर बदला कैडर: तेलंगाना छोड़ अब किस राज्य में सेवाएं देंगी IPS मनीषा नेहरा?
तेलंगाना कैडर से ट्रांसफर होकर हरियाणा आने वालीं आईपीएस मनीषा नेहरा मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा उपखंड की गोवला ग्राम पंचायत के गांव तारा का बास की रहने वाली हैं. वहीं उनके पति गौरव हरियाणा से हैं और भारतीय वन सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं. मनीषा नेहरा के इस तबादले से दोनों की पोस्टिंग वाले राज्यों हरियाणा और तेलंगाना के बीच लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी खत्म हो जाएगी. साथ ही, मनीषा नेहरा का होम कैडर राजस्थान भी हरियाणा की सीमा से लगा हुआ है.
6वें प्रयास में UPSC क्रैक करने वाली IPS मनीषा नेहरा की पूरी कहानी
आईपीएस मनीषा नेहरा का जन्म 8 जनवरी 1997 को गांव तारा का बास में कृपाल सिंह नेहरा और सुनीता देवी के घर हुआ था. मनीषा ने एक साल दिल्ली में रहकर और तीन साल घर पर रहकर संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की. उनके दादा रामसिंह नेहरा भारतीय सेना में सूबेदार रहे हैं, जबकि पिता कृपाल सिंह नेहरा वायु सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में प्रबंधक बने.