LIVE: गुजरात के मांजलपुर में बीजेपी के सतीश पटेल जीत की ओर, 13 हजार से अधिक वोटों की बनाई बढ़त
Raisina News Desk- अगस्त 03, 2026 11:59 AM IST

वड़ोदरा:
Manjalpur Upchunav 2026 Result: गुजरात के मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती आज हो रही है. यहां भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है. इस सीट पर इन्हीं दोनों दलों से मात्र दो उम्मीदवार ही मैदान में है. यहां वोटों की गिनती के ताजा अपडेट भाजपा के उम्मीदवार ने बड़ी बढ़त बना ली है. बीजेपी के सतीश पटेल 13 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं. इस सीट पर 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. यह उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का लंबी बीमारी के बाद दो जून को निधन हो जाने के कारण कराना पड़ा.
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, मतगणना सुबह आठ बजे मकरपुरा क्षेत्र स्थित भवन्स स्कूल परिसर में शुरू हुई. इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जा रही है. इस उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है.
मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव का रिजल्ट, 8वें राउंड के बाद बीजेपी प्रत्याशी 13 हजार वोटों से आगे.
भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने अपने गुजरात उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा.
योगेश पटेल भाजपा के आठ बार के विधायक थे. उन्होंने 1990 से 2007 के बीच वडोदरा की रावपुरा विधानसभा सीट का पांच बार प्रतिनिधित्व किया और फिर परिसीमन के बाद नयी बनी मांजलपुर सीट से चुनाव लड़ा. उन्होंने 2012, 2017 और 2022 में मांजलपुर सीट से लगातार जीत दर्ज की और इस तरह 36 वर्षों के दौरान गुजरात विधानसभा चुनावों में लगातार आठवीं जीत हासिल की.
यह भी पढ़ें – बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त बरकरार, चौथे राउंड के बाद BJP 1145 वोटों से पिछड़ी, RJD को मात्र 884 वोट
यह भी पढे़ं – लगातार 3 राउंड में कांग्रेस को बढ़त, चौथे राउंड में घनश्याम 783 वोट से आगे