130 KMPH की रफ्तार से दौड़ रही थी दुरंतो सुपरफास्ट ट्रेन, तभी बरसने लगे पत्थर, 3 कोच के शीशे टूटे
Raisina News Desk- सितंबर 26, 2026 09:59 AM IST
Duronto Express Stone Pelted: देश के प्रीमियम ट्रेनों में शुमार दुरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है. 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही सुपरफास्ट ट्रेन पर रात में अचानक से पत्थर बरसने से यात्री दहशत में आ गए. इस घटन में तीन कोच के शीशे टूट गए. बता दें कि इससे पहले भी देश के कई हिस्सों में प्रीमियम ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. वंदे भारत सेमी हाई-स्पीड ट्रेन पर पत्थर फेंकने की घटना भी हो चुकी है. रेलवे की ओर से ऐसी घटनाओं को रोकने की पूरी कोशिश की जाती है, लेकिन इस तरह की छिटपुट घटनाएं सामने अक्सर ही सामने आती रहती हैं.
दरअसल, नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर शुक्रवार 25 सितंबर 2026 की रात को पथराव करने की घटना सामने आई. बोरखेड़ी-सिंदी के बीच सफर के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने चलती ट्रेन को निशाना बनाकर पत्थर फेंके. पथराव के कारण ट्रेन के 3 कोच की खिड़की का कांच टूट गया. इस घटना में एक यात्री को मामूली चोट आई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रेन को वर्धा स्टेशन पर रोककर जांच की गई. रेलवे और संबंधित अधिकारियों ने करीब आधे घंटे तक ट्रेन की जांच की. प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को मुंबई की दिशा में रवाना कर दिया गया. पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है. पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पथराव जानबूझकर किया गया था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.
इंडियन रेलवे के अनुसार, नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में शुक्रवार रात पथराव की घटना सामने आई. ट्रेन संख्या 12290 पर बोरखेड़ी स्टेशन से गुजरने के बाद करीब 8:27 बजे अज्ञात व्यक्ति ने बाहर से पत्थर या किसी वस्तु से हमला किया. इस घटना में A-1, B-2 और B-5 कोच की खिड़कियों के शीशे चटक गए. हालांकि, घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है. रेलवे के अनुसार, घटना की सूचना रात करीब 8:46 बजे मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी के कर्मचारियों ने बोरखेड़ी-सिंधी खंड में किलोमीटर 803 से 796 के बीच तलाशी अभियान चलाया. टीम ने बोरखेड़ी और ब्राह्मणी गांवों के आसपास के इलाकों की भी जांच की. इस दौरान पुलिस पाटिल और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सुराग नहीं मिला
एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने भी पुष्टि की कि करीब 8:27 बजे बाहर से कोई वस्तु या पत्थर आकर कोच की खिड़कियों से टकराया था. रेलवे ने बताया कि घटना के सटीक स्थान का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है. इस मामले में 26 सितंबर को तड़के 2:55 बजे अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत अपराध क्रमांक 325/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मामले की जांच कर रहे हैं तथा पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.