राहुल हर जगह साजिशें देखना बंद करें… नेता प्रतिपक्ष के आरोपों पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का पलटवार
Raisina News Desk- अक्टूबर 28, 2026 05:32 PM IST
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और राहुल गांधीImage Credit source: TV9
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘X’ पर टाटा समूह को लेकर सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है. इस पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए जवाब दिया है. उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी है कि वे हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचें. उन्होंने आगे कहा कि बिना सोचे-समझे व्यावसायिक और कानूनी मामलों को ‘आपराधिक’ करार देना पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा, “राहुल गांधी, आपने बार-बार भारतीय कॉर्पोरेट क्षेत्र और हमारे उद्यमियों की सफलताओं की आलोचना की है. क्या अब आप हमारे व्यापारिक नेताओं को अपने नैरेटिव में घसीटकर अविश्वास और नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं? दशकों तक, आपकी पार्टी ने ‘लाइसेंस-कोटा राज’ के जरिए भारतीय उद्यमियों की भावना को दबाया और लाखों भारतीयों को गरीबी में धकेल दिया.” उन्होंने तंज करते हुए कहा कि राहुल, हर जगह साजिशें देखना बंद करें.
केंद्र सरकार के बारे में राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए, वित्त मंत्री ने कहा, “इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार भारतीय कॉर्पोरेट क्षेत्र को एक ऐसे स्तंभ के रूप में देखती है जो रोजगार पैदा करता है और आर्थिक विकास को बढ़ावा देता है. हमारी नीतियां उद्यम को बढ़ावा देने, उद्योगों का समर्थन करने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए बनाई गई हैं.”
उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक दलों, नेताओं, सरकारों और संस्थानों की यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे हमारे उद्योगों का समर्थन करें, किसानों को सशक्त बनाएं और हमारे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करें. “इसलिए, अपने संकीर्ण राजनीतिक एजेंडे को साधने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय, रचनात्मक तरीके से काम करना कहीं अधिक महत्वपूर्ण है.”
निर्मला सीतारमण ने आगे कहा कि भारत का संविधान अपने सभी नागरिकों को न्याय की गारंटी देता है, और देश की अदालतों की जिम्मेदारी है कि वे इसे बनाए रखें. राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए सीतारमण ने कहा, “इतिहास गवाह है कि आपने, आपकी पार्टी ने और आपकी पार्टी से जुड़े प्रधानमंत्रियों ने किस तरह न्यायपालिका का अनादर किया है. इसलिए, राहुल, हर जगह साजिशें देखना बंद करें.
इससे पहले लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा, टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है, और किसी भी कारोबारी नेता में एक शब्द बोलने की हिम्मत नहीं है. आप कब तक चुप रहेंगे? क्या तब तक, जब तक वे आप पर पूरी तरह कब्जा न कर लें? भारतीय कारोबार मोदी और शाह के खिलौने नहीं हैं. आपमें हिम्मत की कमी है. हममें नहीं है हम इन अपराधों के लिए न्याय दिलाकर रहेंगे.