'हाथ काटने की धमकी देने वाले को बिरयानी-खीर', PAK मंत्री के भारत दौरे पर भड़कीं सुप्रिया श्रीनेत

'हाथ काटने की धमकी देने वाले को बिरयानी-खीर', PAK मंत्री के भारत दौरे पर भड़कीं सुप्रिया श्रीनेत

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक के भारत दौरे को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भारत को लगातार धमकाने वाले मंत्री को देश में बुलाया गया है. सरकार को शर्म आनी चाहिए.

भारत में पाकिस्तानी हाई कमीशन की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया गया कि पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मलिक आज नई दिल्ली पहुंचे, जहां पर उनका स्वागत प्रभारी (चार्ज डी अफेयर्स) साद अहमद वाराइच ने किया.

सुप्रिया श्रीनेत ने साधा निशाना
पाकिस्तानी हाई कमीशन की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गया है. इसने लगातार भारत को धमकाया है. हाथ काटने की धमकी दी है, खून बहाने की धमकी दी है. 

उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा देना रोक नहीं रहा है और मोदी सरकार इन्हें बिरयानी और खीर खिलाने में जुटी हुई है. शर्म आनी चाहिए. बता दें कि मई 2023 के बाद पाकिस्तान के किसी संघीय मंत्री का ये पहला भारत दौरा है.

भारत क्यों आए पाकिस्तानी मंत्री
पाकिस्तानी मंत्री नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने आए हैं. मुसादिक मलिक की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध बने हुए हैं. SCO के मंच पर पाकिस्तान के मंत्री मलिक की भागीदारी को एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है. 

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के पुराना किला में शंघाई सहयोग संगठन के तहत होने वाले सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे. इस मौके पर वो सभा को संबोधित भी करेंगे. 3 दिवसीय इस कार्यक्रम का मकसद क्षेत्र की समृद्ध और एक-दूसरे से जुड़ी सभ्यतागत विरासत को प्रदर्शित करना, लोगों के बीच संपर्क मजबूत करना और सांस्कृतिक संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना है.

‘असदुद्दीन ओवैसी को हराना है तो…’, CM रेवंत रेड्डी ने अमित शाह को दिया चैलेंज

Prev Post
Next Post

लेटेस्ट न्यूज़