संगरूर में DC दफ्तर के बाहर युवक ने कथित तौर पर निगला जहर, कांग्रेस ने पंजाब सरकार को घेरा

रायसीना न्यूज़ का सामान्य समाचार ग्राफिक

संगरूर:

पंजाब के संगरूर में डिप्टी कमिश्नर के ऑफिस के बाहर एक युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की कोशिश की. एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, युवक का आरोप है कि अपने गांव में ड्रग्स की कथित बिक्री से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट करने के बाद उसे परेशान किया गया और धमकाया जा रहा था. नमोल गांव के रहने वाले इस युवक जगसीर सिंह उर्फ ​​जग्गा को पहले संगरूर के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया. बाद में हालत गंभीर होने पर उसे आगे के इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया.

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित जगसीर सिंह उर्फ जग्गा के आरोपों के मुताबिक, उसने ड्रग्स से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया था. इसके बाद गांव के सरपंच सुखबीर सिंह और उनके साथियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी. उसने दावा किया कि वीडियो डिलीट करने के बावजूद, उसे धमकियां और परेशानियां झेलनी पड़ीं. जग्गा ने आगे आरोप लगाया कि सरपंच उनके घर आया, उनके साथ मारपीट की, घर पर लगे CCTV कैमरे हटा दिए और DVR भी ले गया. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसे हथियारों से धमकाया गया.

जग्गा ने कहा, “मैंने ड्रग्स के बारे में एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद सरपंच और उनके साथियों ने मुझे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया. मैंने वीडियो डिलीट भी कर दिया, फिर भी सरपंच मेरे घर आए और मुझे पीटा.”

जग्गा ने यह भी आरोप लगाया कि उसने इस मामले को लेकर पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन कोई असरदार कार्रवाई नहीं हुई. उसके दोस्त मंजिंदर सिंह ने कहा कि जग्गा के पास ऐसे फुटेज थे, जिनमें लोग इलाके में कथित तौर पर ‘चिट्टा’ बेचते हुए दिख रहे थे और इसी वजह से उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिलीं और उन पर हमला किया गया.

ये आरोप पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे पर बढ़ते राजनीतिक ध्यान के बीच सामने आए हैं. बीजेपी ने हाल ही में 13 दिन की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू की है, जिसके तहत राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करने के लिए एक साथ चार यात्राएं आयोजित की जा रही हैं.

कांग्रेस ने AAP पर साधा निशाना…

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मामले को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है. राजा वड़िंग ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि संगरूर जिले के नामोल गांव के युवक जग्गा सिंह ने नशे के खिलाफ वीडियो पोस्ट करने के बाद मिली धमकियों, मारपीट और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से परेशान होकर यह कदम उठाया.

उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और सवाल सिर्फ एक युवक का नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा का है. उन्होंने आरोप लगाया कि अगर नशे के खिलाफ बोलने वाला शख्स खुद को असुरक्षित महसूस करे, तो ‘नशामुक्त पंजाब’ का दावा सवालों के घेरे में आ जाता है.

कांग्रेस नेता ने कहा कि संगरूर में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं और पहले के मामलों पर भी अभी तक जवाब नहीं मिला है. उन्होंने राज्य सरकार से हर शिकायत की निष्पक्ष जांच और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को सुरक्षा देने की मांग की.

राजा वड़िंग ने अपने पोस्ट में कहा कि पंजाब को होर्डिंग नहीं, कार्रवाई चाहिए; पीआर नहीं, कानून चाहिए; भाषण नहीं, इंसाफ चाहिए. फिलहाल, खबर छपने तक इस मामले को लेकर पंजाब सरकार या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.



Prev Post
Next Post