लोकसभा ही नहीं विधानसभा की सीटों में भी 50% का होगा इजाफा, 2051 तक फ्रीज रहेगा परिसीमन
Raisina News Desk- नवंबर 27, 2026 11:11 PM IST
महिला आरक्षण.Image Credit source: tv9 हिंदी
संसद में अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक को लेकर सियासी गतिविधि तेज हो गई है. केंद्रीय कैबिनेट ने आज शुक्रवार को परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण विधेयक को अपनी मंजूरी दे दी. इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा और हर राज्य की विधानसभा की सीटों की संख्या में 50-50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है. साथ ही इस बदलाव को 2051 तक फ्रीज कर दिया जाएगा. कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल पेश सोमवार को बिल करेंगे.
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि संशोधन बिल को अगले हफ्ते से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट ने कुछ संशोधनों के साथ इस नए विधेयक को अपनी मंजूरी दे दी है. उनका कहना है कि इन संशोधनों का मकसद यह तय करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में अन्य राज्यों की तुलना में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम न होने पाए.
सूत्रों के अनुसार, संविधान के कुल 8 अनुच्छेदों में संशोधन किया जाएगा. महिला आरक्षण के लिए परिसीमन बिल समेत कुल 3 नए बिल पेश किए जाएंगे. इन 3 में से 2 विधेयक संविधान संशोधन (132वां) से संबंधित होंगे. जबकि इस बिल को पेश करने से पहले लोकसभा में पहले से पेश किए गए 2 बिलों को वापस लिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि खासकर दक्षिणी राज्य इस मामले में ज्यादा चिंतित है. ऐसे में उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने पर सहमति जताई है. इस तरह से लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50% की बढ़ोतरी होगी. नया परिसीमन चुनाव आयोग निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं फिर से तय करेगा. साल 2051 तक सीटों की संख्या में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
नए प्रस्तावित विधेयक में बढ़ाई गई सीटों के परिसीमन के लिए साल 2011 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा. सूत्रों ने बताया कि सरकार ने हर राज्य के लिए सीटों के प्रतिशत में किसी तरह के बदलाव किए बिना ही संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन करने का प्रस्ताव दिया है. कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल पेश सोमवार को यह बिल करेंगे.
अब नए प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने की योजना है. इन 850 सीटों में से 835 सीटें राज्यों से तो 15 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों से निर्धारित की जाएंगी. अभी यह सीमा 530 और 20 है.
इस मामले में सत्ता पक्ष का कहना है कि इस बदलाव से अगले लोकसभा चुनाव (2029) से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा. बिल के पास होने महिला आरक्षण तुरंत लागू करने का रास्ता हो जाएगा.
नारी शक्ति वंदन अधिनियम में अब जनगणना के बाद परिसीमन की शर्त नहीं रहेगी. नए संशोधन के बाद पहले परिसीमन के साथ ही आरक्षण भी लागू होगा. इसके लिए लोकसभा और हर विधानसभा में सीटें 50% बढ़ाई जाएंगी. विधानसभा की सीमा भी बढ़ेगी. बिल में राज्यों की विधानसभा में अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव रखा गया है.
इसी तरह राष्ट्रपति चुनाव में जम्मू-कश्मीर को भी शामिल किया गया. अनुच्छेद 54 में जम्मू-कश्मीर को दिल्ली और पुडुचेरी की तरह “राज्य” की परिभाषा में जोड़ा गया है. इससे वहां के निर्वाचित सदस्य राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में शामिल होंगे. महिला आरक्षण 2023 के अधिनियम के लागू होने से 15 साल तक रहेगा, जिसे संसद कानून बनाकर बढ़ा सकती है.
महिला सीटें रोटेशन से तय होंगी. सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व जज की अध्यक्षता में परिसीमन आयोग बनेगा. चुनाव आयोग के अंतिम आदेश को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी. मौजूदा सदनों का कार्यकाल पूरा होने तक कोई बदलाव नहीं होगा. फिलहाल केंद्र सरकार कानून लागू होने की तारीख तय करेगा.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी. सरकार ने इससे पहले अप्रैल में भी संसद के विशेष सत्र के दौरान यह चर्चित बिल पेश किया था, लेकिन इसे लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी.
अब सरकार की ओर से दावा किया जा रहा है कि उसके पास इस बिल को पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सांसदों का समर्थन है. किसी संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी होता है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और भारत राष्ट्र समिति (BRS) की ओर से इस बिल का समर्थन किए जाने की उम्मीद है.
हालांकि, विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन इस बिल के विरोध में है. विपक्षी गठबंधन के नेता अब कल शनिवार को बैठक कर अपनी अगली रणनीति पर गहन मंतन करेंगे.
इससे पहले सरकार ने अगले हफ्ते संसद का 4 दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है. इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को होगी. विशेष सत्र के बारे में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “जब सरकार कोई सत्र या विशेष सत्र बुलाती है, तो इसका मतलब यह होता है कि देश के लिए बेहद अमह विधेयक (पारित करना) या कामकाज होना है.”