कल का मौसम: 21 अगस्त को कहां-कहां होगी बारिश? दिल्ली, यूपी और बिहार के लिए IMD का बड़ा अपडेट

Kal Ka Mausam, 21 August 2026: उत्तर भारत के राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. ओडिशा, बंगाल और झारखंड जैसे इलाकों में डीप डिप्रेशन की वजह से बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने 21  अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम ने अगले चार दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. 21, 22 और 23 अगस्त को भी वर्षा का अनुमान है.

दिल्ली-एनसीआर में 22 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दिन भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं. वहीं, 23 अगस्त को तापमान 32 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके बाद 24 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम बादलों से घिरा रह सकता है और आर्द्रता 60 से 90 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. 25 अगस्त को तापमान 35 और 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

मध्य प्रदेश में बारिश की चेतावनी

उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे इलाकों में बने कम दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 21 अगस्त 2026 को पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. IMD के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि उत्तराखंड, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, असम, नागालैंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हुई. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

IMD ने चेतावनी दी है 21 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बहुत भारी वर्षा की आशंका है. छत्तीसगढ़, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 24 अगस्त के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. वहीं, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार के 19 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार के 19 जिलों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है और गुरुवार को बारिश, आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी है. मौसम विभाग ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. लोगों को सलाह दी गई है कि जब भी संभव हो, वे घर के अंदर ही रहें. शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुज़फ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई के निवासियों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

 हिमाचल प्रदेश में 25 अगस्त तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 20-21 अगस्त को भी हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. इसके लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, हमीरपुर और ऊना जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. कांगड़ा, सुंदरनगर, कुफरी, शिमला और मुरारी देवी में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं. शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 अगस्त तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है.

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम केंद्र जयपुर का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु और आसपास के क्षेत्रों में 21-23 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है. इसी तरह पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के ज्यादातर भागों में भी आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून की परिस्थितियां रहेंगी. इस बीच 20 से 23 अगस्त को उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों के भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

ये भी पढे़ं : मॉनसून ने अगस्त में ही मुंह मोड़ा, खरीफ फसलों पर संकट के बीच सरकार के कसी कमर, कम बारिश से इन राज्यों में घटा रकबा



Prev Post
Next Post