गुजरात में मूसलाधार बारिश से भारी तबाही, राहत दल ने साबरमती में बाढ़ के बीच फंसे 11 लोगों को बचाया
Raisina News Desk- जुलाई 24, 2026 07:55 PM IST

अहमदाबाद:
गुजरात में हो रही मूसलाधार बारिश शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही, जिससे दर्जनों गांवों के बीच संपर्क टूट गया और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. अहमदाबाद में बचाव दल ने सही समय पर ऑपरेशन चलाकर साबरमती में बाढ़ के बीच फंसे 11 लोगों को बचा लिया. यहां के छरानगर इलाके के रबारीवास में बाढ़ का पानी तेज़ी से बढ़ने के कारण सभी छतों पर फंस गए थे. जिनमें कई बुज़ुर्ग भी शामिल थे.
स्थानीय फायर और इमरजेंसी सर्विस ने उन सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. पाल्डी मॉनसून कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, इमरजेंसी टीम ने 18 से 75 साल की उम्र के सभी 11 लोगों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित निकाल लिया और उन्हें सुरक्षित जगहों तथा उनके रिश्तेदारों के घरों तक पहुंचाया.
पिछले कुछ दिनों से गुजरात में हो रही भारी बारिश के बीच शुक्रवार को सेना ने अहमदाबाद के पॉश इलाके बोपल से कम से कम 100 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. अधिकारियों ने बताया कि सुबह छह बजे से शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक, यानी 36 घंटों में बोपल इलाके में 491 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई है.
रक्षा विभाग के जन संपर्क अधिकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि बोपल इलाके में छनालाल जोशी मार्ग पर चार ट्रकों और चार नावों के साथ सेना की बाढ़ राहत की दो टीम तैनात हैं, ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके. उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक बोपल से लगभग 100 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
जन संपर्क अधिकारी (गुजरात-रक्षा) ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘गोल्डन कतार डिवीजन की बाढ़ राहत टुकड़ियों को वलसाड, नवसारी, अहमदाबाद शहर और ग्रामीण इलाकों में तैनात किया गया है. बाढ़ राहत के जवान फंसे हुए लोगों को बचाने, जरूरी मदद पहुंचाने और प्रभावित समुदायों में उम्मीद जगाने के लिए पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध हैं.”
अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश और बाढ़ की वजह से 38,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि 352 से अधिक लोगों को बचाया गया. उन्होंने कहा कि 24 घंटे में कुछ इलाकों में 400 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक बारिश दर्ज की गई. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और सेना की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. वहीं, प्रशासन ने कई जगह स्कूल बंद कर दिए हैं और मुंबई जाने वाली रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है.
दक्षिण गुजरात के वलसाड, नवसारी और सूरत ज़िलों के साथ-साथ राज्य के मध्य भाग के अहमदाबाद और खेड़ा ज़िलों में सुबह छह बजे तक के 24 घंटों के दौरान बहुत भारी बारिश हुई. सुबह से वाव-थराद, अमरेली और खेड़ा जिलों में बारिश फिर से शुरू हो गई, जिसके मद्देनजर प्रशासन सतर्कता बरत रहा है.
ताप्ती जिले की अंबिका नदी और पार, औरंगा तथा दमन गंगा जैसी अन्य नदियां उफान पर हैं, जिससे इनके किनारे बसे निचले इलाकों में पानी भर गया. आईएमडी ने शुक्रवार को महीसागर, पंचमहल और दाहोद के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया. वहीं, वलसाड, ताप्ती, नवसारी, सूरत, भरूच, वडोदरा, अहमदाबाद, खेड़ा, गांधीनगर और आणंद सहित दक्षिण व मध्य गुजरात के कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार से बारिश कम होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें: गुजरात में भारी बारिश से बिगड़े हालात, हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन, अहमदाबाद-सूरत समेत 5 शहरों में सैलाब
इसे भी पढ़ें: गुजरात में भारी बारिश से कावेरी नदी का रौद्र रूप, रेलवे ट्रैक ही बहा ले गई, वीडियो डरा देगा