तेजपुर यूनिवर्सिटी: हॉस्टल के कमरे में B.Sc के छात्र की संदिग्ध हालत में मौत, डायरी में क्या लिखा?
Raisina News Desk- सितंबर 17, 2026 02:01 PM IST

असम के तेजपुर विश्वविद्यालय के 20 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. छात्र विवि परिसर में बने उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला. पुलिस टीम ने छात्र को फंदे से उतारकर कनकलता सिविल अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस को उसके कमरे से एक डायरी मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है.
साथी ने फंदे से लटका देखा शव
विश्वविद्यालय के कुलसचिव चंदन गोस्वामी ने बताया कि मृतक छात्र नगांव जिले का रहने वाला था. वह विश्वविद्यालय के इंटीग्रेटेड केमिस्ट्री विभाग से B.Sc के पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था. वह हॉस्टल के कमरे में एक अन्य छात्र के साथ रहता था. बुधवार 16 सितंबर की सुबह उसका साथी अपनी क्लास के लिए चला गया था. दोपहर करीब 1:30 बजे जब वह कमरे पर वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा बंद था, कुछ देर आवाज लगाने के बाद कोई जवाब नहीं मिला तो उसने वेंटिलेटर से देखा, इस दौरान छात्र फंदे पर लटका हुआ था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस
शोणितपुर SSP बरुण पुरकायस्थ के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे घटना की सूचना मिली.उसका शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका था और दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस की टीम ने शव को बरामद कर अस्पताल भेजा, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजनों के आने और पीएम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया. पीएम रिपोर्ट में छात्र की मौत का सही कारण सामने आएगा.
मरने से पहले डायरी में क्या लिखा?
छात्रों और पुलिस के अनुसार, मृतक के कमरे से पुलिस को एक डायरी मिली है. जिसमें उसने अपनी मौत से पहले एक नोट छोड़ा है. हालांकि, उस नोट में क्या है इस बात का खुलासा पुलिस नहीं कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें…
बेपनाह मोहब्बत करते थे हरदोई के अमित और नरगिस, गेस्ट हाउस के कमरे में दोनों पंखे से लटके मिले, लखनऊ की घटना
15वीं मंजिल से छलांग लगाकर 16 साल की बच्ची ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा, “मैं खुद जिम्मेदार हूं”
तनाव में हैं तो मदद के लिए करें कॉल
अगर, आप या आपका कोई परिचित किसी कठिन दौर से गुजर रहा है या तनाव में है, तो कृपया अकेले न रहें और कोई गलत कदम न उठाएं. मदद के लिए इन सेवाओं से संपर्क करें…
टेली-मानस (Tele-MANAS – भारत सरकार): 14416 या 1800 891 4416 (24×7 निःशुल्क सेवा)
किरण (KIRAN – सामाजिक न्याय मंत्रालय): 1800-599-0019
संजीवनी (Sanjivani – रायपुर): 0771-2543999 / 9424108409