दक्षिण गुजरात में बारिश का कहर: वलसाड-वापी जलमग्न, रेल सेवाएं प्रभावित

Gujarat Rainfall: दक्षिण गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. वलसाड, नवसारी, सूरत, वापी और डांग जिलों में कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जबकि निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. वलसाड और वापी से सामने आए दृश्य हालात की गंभीरता को बयां कर रहे हैं, जहां घरों, सड़कों और सोसायटियों में पानी भर गया है. भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है और कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा. हालात को देखते हुए गुजरात सरकार ने आपात तैयारियां तेज कर दी हैं तथा NDRF, पुलिस और प्रशासनिक टीमों को राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया है.

वलसाड और वापी में जलभराव से बिगड़े हालात

लगातार बारिश के कारण वलसाड जिले में कई निचले इलाके पानी में डूब गए हैं. कुछ स्थानों पर ग्राउंड फ्लोर तक पानी भर जाने से लोग घरों के अंदर फंस गए. राहत-बचाव टीमों ने रस्सियों की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया. वहीं वापी की आवध बंगला सोसायटी में हालात और गंभीर नजर आए. सोसायटी के ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह पानी में डूब गए, जबकि पार्किंग में खड़ी कई कारें भी जलमग्न हो गईं.

रेल सेवाओं पर पड़ा असर

नवसारी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का असर रेलवे संचालन पर भी देखने को मिला. कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक के आसपास पानी भरने और सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई. बिलिमोरा रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 5 बजे से बीकानेर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रोकना पड़ा. लंबे समय तक ट्रेनें खड़ी रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि इस दौरान बिलिमोरा भाजपा संगठन और कई सामाजिक संस्थाओं ने यात्रियों को नाश्ता और पीने का पानी उपलब्ध कराकर सहायता पहुंचाई.

Gujarat Rainfall: गुजरात में बारिश का हाल

वलसाड में सबसे ज्यादा बारिश

23 जुलाई सुबह 6 बजे तक जारी वर्षा के आंकड़ों के अनुसार वलसाड जिला सबसे ज्यादा प्रभावित रहा. उमरगांव में 881 मिमी, कपराडा में 710 मिमी और नानापोंधा में 627 मिमी बारिश दर्ज की गई. नवसारी के वांसदा में 423 मिमी और वापी में 400 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार जारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

सरकार ने बढ़ाई आपदा तैयारियां

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुजरात सरकार ने सूरत, वलसाड, नवसारी और डांग जिलों में उच्च स्तरीय समीक्षा की. संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है. निचले क्षेत्रों से लोगों को निकालने और आपदा प्रबंधन कार्यों में तेजी लाई गई है.

NDRF और पुलिस की तैनाती बढ़ी

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त टीमों की तैनाती की है. सूरत के पर्वत पाटिया और उधना क्षेत्र में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं. वहीं वलसाड जिले के हनुमान बागड़ा, दारुड़िया वार्ड, तारिया वार्ड और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है. एसआरपी और स्थानीय पुलिस को भी लगातार गश्त और राहत कार्यों के निर्देश दिए गए हैं.

16 यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाला गया

वलसाड जिले के नानापोंधा तालुका के अंभेटी इलाके में कोपरली-वापी सड़क पर एक निजी बस पानी में फंस गई थी. स्थानीय पुलिस, ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की संयुक्त मदद से बस में सवार 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से सड़क के दोनों ओर बैरिकेड लगाकर मार्ग को बंद कर दिया गया.



Prev Post
Next Post