ब्रिक्स में मलेशियाई प्रधानमंत्री ने गाया किशोर कुमार का गाना- ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत… देखें VIDEO

नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स समिट में हिंदी प्रेम की झलक देखने को मिली. BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का हिंदी प्रेम सामने आया है. दिल्ली में फुरसत के कुछ पलों के दौरान उन्होंने फिल्म ‘तीन देवियां’ के मशहूर गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ को गुनगुनाया. अनवर इब्राहिम ने भारतीय पियानो वादक के साथ यह गीत गाया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया. 
 

वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स उनकी हिंदी और भारतीय संगीत के प्रति उनके लगाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

हिंदी दिवस से पहले खास संदेश

14 सितंबर को हिंदी दिवस से ठीक पहले एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा लोकप्रिय हिंदी गीत गाना प्रतीकात्मक रूप से खास माना जा रहा है. साल 1965 में आई फिल्म ‘तीन देवियां’ के इस गाने को किशोर कुमार ने आवाज दी थी और कमजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था. यह आज भी बेहद लोकप्रिय है. अनवर इब्राहिम की गायिकी को भारत की भाषा और संस्कृति के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है.

पहले भी वायरल हुई हैं मजरूह सुल्तानपुरी की लाइनें…

यह पहली बार नहीं है, जब मजरूह सुल्तानपुरी के कलम से निकले किसी गाने को गुनगुनाए जाने के बाद वीडियो वायरल हो रहा है. पिछले दिनों अगस्त महीने में कोलकाता में लैंडिंग से पहले इंडिगो पायलट ने मजरूह सुल्तानपुरी का ‘शेर’ सुनाया. इस दौरान, यात्री खुश हुए. इंडिगो के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी.

इंडिगो के एक पायलट ने कोलकाता में फ्लाइट लैंड करने से ठीक पहले, आम तौर पर होने वाली लैंडिंग से पहले की घोषणा में शायरी का तड़का लगाकर सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया. संचिता नाम की एक यात्री द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में यह यादगार पल कैद हो गया.

पायलट ने आम तौर पर दी जाने वाली जानकारी के साथ शुरुआत की, यात्रियों को बताया कि विमान कोलकाता से करीब 140 किमी दूर है, शहर का तापमान बताया और उन्हें जानकारी दी कि अगले 20 मिनट में लैंडिंग की उम्मीद है.

हालांकि, जैसे ही घोषणा खत्म होने वाली थी, पायलट ने यात्रियों से कहा कि उनके पास कुछ खास बात भी है.

उन्होंने कहा, “हम अभी कोलकाता से लगभग 140 किमी दूर हैं. कोलकाता में अभी तापमान 29° है. अगले 20 मिनट में हम कोलकाता में लैंड करेंगे. आपके लिए केबिन का तापमान 24° पर सेट किया गया है. आज आपकी सेवा करने का मौका देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. आपसे विदा लेते हुए, मैं एक शेर सुनाना चाहता हूं. उम्मीद है आप सभी को यह पसंद आएगा.” 

इसके बाद उन्होंने उर्दू शायर मजरूह सुल्तानपुरी का मशहूर  शेर सुनाया था.

“मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंज़िल मगर,
लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया.”

वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने के बाद खूब वायरल हुआ. कई यूजर्स ने यात्रियों से बात करने के पायलट के दोस्ताना और अनोखे अंदाज की तारीफ की है. 



Prev Post
Next Post