भाषण देते-देते मंत्री जी को आ गया चक्कर, गिरने ही वाले थे कि… VIDEO

तिरुपति में 80वें स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री अनम रामनारायण रेड्डी की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वह मंच पर खड़े होकर करीब एक घंटे से भाषण दे रहे थे, लेकिन तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह एक तरफ गिरने लगे.

मंत्री को गिरता देख तमाम सुरक्षाकर्मी और अधिकारी उनकी तरफ भागे और उन्हें संभाला. इसके बाद उन्हें जरूरी मेडिकल मदद भी दी गई. डॉक्टर के मुताबिक, मंत्री का अचानक ब्लड प्रेशर कम हो गया था. इसी वजह से उन्हें कमजोरी महसूस होने लगी और उनका संतुलन बिगड़ गया.

डॉक्टर ने उनकी जांच की. अभी उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. रामनारायण रेड्डी की तबीयत बिगड़ने की वजह से स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था.

जानकारी के लिए बता दें कि यह कार्यक्रम तिरुपति पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया था. इसमें पुलिसकर्मियों के साथ अधिकारी और दूसरे कई बड़े अतिथि भी शामिल हुए थे.

बात करें अनम रामनारायण रेड्डी की तो वह आंध्र प्रदेश सरकार में बंदोबस्ती मंत्री हैं और आत्मकुर विधानसभा सीट से विधायक भी हैं. उन्होंने 1983 में तेलुगु देशम पार्टी से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था. इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हुए और मंत्री भी बने. बाद में वह वाईएसआर कांग्रेस में चले गए. 2014 में उन्होंने फिर तेलुगु देशम पार्टी का हाथ थामा और चंद्रबाबू नायडू सरकार में मंत्री भी बने.

वैसे, यह कोई पहली बार नहीं है, जब किसी नेता को इस तरह संतुलन खोते हुए देखा गया हो. इससे पहले भी लंबे भाषण और तेज गर्मी की वजह से कई बार नेताओं की तबीयत बिगड़ चुकी है. कुछ महीने पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी और अधिकारियों ने उन्हें संभाला था.


Prev Post
Next Post