ममता बनर्जी को एक और झटका, रेजीनगर के उम्मीदवार ने भी छोड़ दिया चुनावी मैदान
Raisina News Desk- सितंबर 19, 2026 02:52 PM IST

पश्चिम बंगाल के उपचुनावों से जुड़ी बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है. ममता बनर्जी गुट को फिर बड़ा झटका लगा है. रेजिनगर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी के प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. इससे पहले कल नंदीग्राम में भी ममता गुट की प्रत्याशी संचिता प्रधान डे ने अपना नामांकन वापस लिया था. इसके बाद ही इस बात के संकेत मिलने शुरू हो गए थे कि रेजिनगर प्रत्याशी भी अपना नामांकन वापस ले सकते हैं. शनिवार को रबीउल आलम चौधरी ने अपना नामांकन वापस ले लिया. जिसके बाद पश्चिम बंगाल की दोनों विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनावों में अब ममता बनर्जी गुट से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं होगा.
रेजिनगर विधानसभा सीट पर हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद उपचुनाव हो रहा है. यहां से ममता बनर्जी के गुट ने पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को प्रत्याशी बनाया था. लेकिन अब वह चुनाव से अलग हो गए हैं. ऐसे में अब रेजिनगर सीट पर भी ममता गुट से प्रत्याशी नहीं होगा. अब हुमायूं कबीर की पार्टी एजेयूपी, बीजेपी और ऋतब्रता बनर्जी गुट के साथ-साथ कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच यहां मुकाबला होगा.
रबीउल आलम चौधरी ने चुनाव से हटने को लेकर बताया ‘कल रात पार्टी प्रमुख से मेरी थोड़ी बात हुई थी और उन्होंने कहा कि मैं जो भी सही समझूं वही करूं. मेरा मन नॉमिनेशन वापस लेने का है. आज नॉमिनेशन वापस लेने का आखिरी दिन है और मैं ऐसा करने का सोच रहा हूं. बस मुझे एक बार जल्दी से बातचीत करनी है यह फैसला सिर्फ मेरा नहीं है. यह पार्टी कार्यकर्ताओं का भी फैसला है. इस समय पार्टी के पास कोई आधिकारिक चुनाव चिह्न नहीं है. पार्टी कार्यकर्ताओं को कई तरह से परेशान किया जा रहा है और उनमें से ज्यादातर काम के सिलसिले में इलाका छोड़कर चले गए हैं. मैं किसके साथ चुनाव लड़ूं? प्रशासन के दबाव को देखते हुए कार्यकर्ता कह रहे हैं कि वे चुनावी मैदान में नहीं बने रह सकते. ठीक इसी वजह से मैंने अपना नॉमिनेशन वापस लेने का फैसला किया है.
इससे पहले नंदीग्राम सीट से ममता गुट की प्रत्याशी संचिता प्रधान डे ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया था. उन्होंने सीएम शुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की थी. जिसके बाद अपना नामांकन वापस ले लिया. अब रेजिनगर से रबीउल आलम चौधरी भी पीछे हट गए हैं. जिससे पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों पर ममता गुट से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं होगा. ऐसे में अब इन सीटों पर राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से बदल चुके हैं.
ये भी पढ़ेंः ममता का समर्थन, कांग्रेस कैंडिडेट अरेस्ट, राहुल के आरोप… फिर BJP ने दिखाए सबूत, नंदीग्राम का दिनभर का ड्रामा